Bihar News : गया जंक्शन पर ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई, RPF और GRP ने संदिग्ध से बरामद किए ₹10 लाख से अधिक रूपये
Bihar News : गया स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके पास से कुल ₹10,03,170 नकद बरामद किए हैं।
GAYAJI : बिहार के गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके पास से कुल ₹10,03,170 (दस लाख तीन हजार एक सौ सत्तर रुपये) नकद बरामद किए हैं।
श्रावण मास के चलते गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जा रही थी। इसी क्रम में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक के दक्षिणी छोर पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। सुरक्षाबलों की टीम ने संदेह होने पर जब उस व्यक्ति को रोककर कड़ी पूछताछ की और उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। व्यक्ति मौके पर इस भारी रकम के स्रोत और उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरपीएफ गया पोस्ट के अनुसार, बरामद की गई पूरी नकदी को विधिवत जब्त कर लिया गया है तथा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद इस मामले को अग्रिम वित्तीय जांच के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ और जीआरपी गया के कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान मुस्तैदी से शामिल रहे। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह भारी रकम कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
मनोज की रिपोर्ट