Bihar News : गयाजी में डीसीएम ट्रक पर लोड 300 कार्टन विदेशी शराब पुलिस ने किया जब्त, मौके से चालक को किया गिरफ्तार

Bihar News : गयाजी के डोभी थाना क्षेत्र में एक डीसीएम ट्रक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। वहीँ मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार में शराबबंदी के बीच गया जिले में अवैध विदेशी शराब के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डोभी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनका यह मंसूबा नाकाम हो गया। यह पूरा मामला डोभी थाना क्षेत्र के जोलविनगहा गांव का है। पुलिस की विशेष छापामार टीम ने संदेह के आधार पर पंजीयन संख्या MP-13ZN-6951 वाले एक डीसीएम ट्रक को जांच के लिए रोका। जब पुलिस ने ट्रक के डाले की तलाशी ली, तो उसमें बड़े पैमाने पर रद्दी प्लास्टिक के बोरे मिले, जिनमें धान की भूसी भरी हुई थी। इन्हीं बोरों के बीच चालाकी से छिपाकर रखे गए 300 कार्टून अवैध विदेशी शराब बरामद किए गए।

पुलिस द्वारा की गई आकलन के अनुसार, जब्त की गई विदेशी शराब की कुल मात्रा 2673 लीटर बताई जा रही है। इस अवैध खेप के साथ मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र के निमा हुंडसरही गांव का निवासी 21 वर्षीय सुरंजन कुमार है, जिससे पूछताछ जारी है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे का अनुसंधान जारी है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल पुलिस इस मुख्य बिंदु की गहनता से जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप किस राज्य या शहर से लोड की गई थी और इसे गया या आसपास के किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। पुलिस का दावा है कि फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगालने के बाद इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों का भी जल्द खुलासा होगा।

वहीँ बांका जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक DCM ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। शराब को ट्रक में लदे डीजी जनरेटर के केबिन में छिपाकर ले जाया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 637 कार्टन में कुल 5,688 लीटर इंपीरियल ब्लू ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई है।

बताया गया कि मध निषेध टीम, बांका को शराब की बड़ी खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने बाराहाट-पंजवाड़ा मुख्य मार्ग स्थित रेलवे अंडरबाईपास के समीप छापेमारी की। जांच के दौरान DCM ट्रक में लदे डीजी जनरेटर के केबिन में छिपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद हुई। शराब बरामद होते ही टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

इधर, उत्पाद विभाग की टीम ने दूसरी कार्रवाई भलजोर चेकपोस्ट पर की। यहां जांच के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 438 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इस मामले में पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के निवासी समित हलदार को गिरफ्तार किया गया।दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की लगातार कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप की स्थिति है। छापेमारी अभियान में उत्पाद निरीक्षक धर्मवीर कुमार, पीयूष कुमार, सुनील कुमार और रंजन कुमार समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न मार्गों, चेकपोस्ट और संदिग्ध वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

गया से मनोज और बांका से चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट