चोरी की जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव और टांगी से गश्ती वाहन के तोड़े शीशे

गया जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला हुआ है। इस घटना में एक महिला पुलिसकर्मी और एक एएसआई को चोटे आई है.....

चोरी की जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस टीम पर हिंसक हमला करने का मामला सामने आया है। जमहेता गांव में हुई चोरी की एक वारदात की तफ्तीश करने पहुंची पुलिस टीम पर खानाबदोशों के एक समूह ने अचानक हमला कर दिया। इस अचानक हुए विरोध और हमले के कारण इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा।


टांगी और पत्थरों से हमलाडायल 112 का गश्ती वाहन क्षतिग्रस्त 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में सुराग जुटाने के उद्देश्य से पुलिस टीम गोपी मोड़ के पास स्थित खानाबदोशों के ठिकाने पर पहुंची थी। जैसे ही पुलिस अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की, वैसे ही कुछ लोगों ने उग्र होकर पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध हिंसक हो गया और उपद्रवियों ने टांगी व पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।


एएसआई और महिला सिपाही घायलप्राथमिक उपचार कराया गया 

उपद्रवियों द्वारा किए गए इस अचानक पथराव में पुलिस के गश्ती वाहन के शीशे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हिंसक हमले में डायल 112 की टीम में तैनात एएसआई (ASI) बैजू पासवान और महिला सिपाही बेबी कुमारी को चोटें आईं। गनीमत यह रही कि दोनों पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें ही लगीं, जिनका तुरंत स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया गया।


अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचाइलाके में छापेमारी शुरू 

पुलिस टीम पर हमले की खबर मिलते ही स्थानीय फतेहपुर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस बल को आते देख हमलावर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।


सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर हमले का मामला दर्ज 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी पर हाथ उठाने वाले और कानून को ठेंगा दिखाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पर हमला करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

मनोज की रिपोर्ट