Bihar News : राजद के 30 वें स्थापना दिवस पर कई जिलों में कार्यक्रम का हुआ आयोजन, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने का लिया संकल्प

Bihar News : राजद के स्थापना दिवस के मौके पर समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए.....पढ़िए आगे

राजद का स्थापना दिवस - फोटो : MANOJ

GAYAJI : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को गया शहर के गेवाल बीघा स्थित हरिदास सेमिनरी के आर्य गैलरी ऑडिटोरियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता एवं संचालन राजद गया जिला अध्यक्ष निजाम मियां ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन की विचारधारा, सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि राजद का 30 वर्षों का सफर सामाजिक न्याय, समानता और गरीब, वंचित तथा पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई का इतिहास रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को पहुंचाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष नेजाम मियां ने अपने संबोधन में कहा कि राजद आज बिहार के सभी 38 जिलों में अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और आगामी चुनावों को लेकर पूरी तैयारी के साथ जुटने की अपील की। समारोह में मौजूद नेताओं ने संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर राजद लगातार आवाज उठाता रहा है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व सांसद सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया। समारोह में टिकारी विधायक अजय दांगी, बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत, गुरुआ के पूर्व विधायक विनय यादव, अतरी के पूर्व विधायक रंजीत यादव, बाराचट्टी की पूर्व विधायक समता देवी, बेलागंज के पूर्व प्रत्याशी विश्वनाथ यादव, साकेत यादव, जुगनू यादव, वीरेंद्र गोप, प्रभात रंजन, बालेश्वर यादव, सुभाष यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि गया जिले में राजद संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर रहा है। नेताओं ने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं और उनके सहयोग से ही संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। समारोह में शामिल कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।

वहीँ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस भोजपुर जिला में पूरे उत्साह, गरिमा एवं संगठनात्मक एकजुटता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद भोजपुर जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने की, जबकि मंच संचालन राजद के प्रधान महासचिव रामबाबू पासवान ने किया। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा की लोक लेखा समिति के सभापति एवं मनेर विधायक सह भोजपुर जिला प्रभारी भाई वीरेंद्र बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात राजद के संस्थापकों एवं सामाजिक न्याय के महानायकों के योगदान को याद करते हुए संगठन की 30 वर्षों की संघर्षपूर्ण एवं गौरवशाली यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, संविधान की रक्षा तथा गरीब, पिछड़े, दलित, अति पिछड़े, अल्पसंख्यक एवं वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के उपरांत ज़ूम ऐप के माध्यम से बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भोजपुर सहित पूरे बिहार के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और सामाजिक न्याय का सशक्त आंदोलन है। पिछले 30 वर्षों में राजद ने गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और वंचितों की आवाज़ को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि आज बिहार बेरोज़गारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे समय में राजद की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी चुनावों के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि भाई वीरेंद्र ने कहा कि राजद की स्थापना सामाजिक न्याय, सामाजिक समरसता और संविधान की मूल भावना की रक्षा के उद्देश्य से हुई थी। आज भी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों पर मजबूती से कायम है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में राजद के नेतृत्व में एक मजबूत एवं जनहितैषी सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों एवं तेजस्वी यादव के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं विधान पार्षद सोनू राय ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल की तीस वर्षों की यात्रा सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के संघर्ष की गौरवशाली यात्रा रही है। राजद ने हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, अति पिछड़ों, दलितों एवं अल्पसंख्यकों की आवाज़ को बुलंद करने का काम किया है।

इस अवसर पर संदेश के पूर्व विधायक सह प्रदेश उपाध्यक्ष विजयेंद्र यादव ने कहा कि राजद की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से संगठन विस्तार में जुटें। भोजपुर जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने कहा कि राजद का 30वां स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के लिए नए संकल्प और नई ऊर्जा का अवसर है। भोजपुर जिला संगठन पूरी मजबूती के साथ पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जिले में संगठन को और सशक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा तथा सभी प्रकोष्ठों को सक्रिय किया जाएगा। बड़हरा के पूर्व प्रत्याशी रामबाबू सिंह ने कहा कि राजद ही वह राजनीतिक शक्ति है जिसने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए राजद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में विश्वास व्यक्त किया कि राजद अपने सिद्धांतों एवं जनहितकारी नीतियों के बल पर आगामी समय में और अधिक मजबूत होकर बिहार में सामाजिक न्याय की नई इबारत लिखेगा। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष एकराम आलम ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधान पार्षद लालदास राय, पूर्व विधायक अरुण यादव, भाई दिनेश, आशा पासवान, प्रमुख मुकेश सिंह यादव, मनोज सिंह, हाकिम प्रसाद, अदीब रिज़वी, किशोर कुणाल, दीपू राणावत, जिला प्रवक्ता आलोक रंजन, शैलेंद्र राम, आरती देवी, सोनाली सिंह, हीरा ओझा, धनंजय यादव, भीम यादव, अमित ठाकुर, विनोद चन्द्रवंशी, सेराज अहमद, शिव कुमार शर्मा, मनु राठौर, अनूप मौर्य, गोरख यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

गयाजी मनोज और आरा से आशीष की रिपोर्ट