गया कुआं हादसा के शिकार परिवार से मिले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि, परिजनों को सौंपी सहायता राशि

गया कुआं हादसा के शिकार परिवार से मिले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव में एक कुएं के भीतर जहरीली गैस के अचानक रिसाव होने से चार लोगों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में विजय चौधरी और उनका पुत्र विकास कुमार शामिल हैं। वहीं, कुएं में फंसे पिता-पुत्र को बचाने के प्रयास में गांव के ही दो अन्य लोग, दिलखुश मांझी और चमारी मांझी भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर ही जान चली गई।


मोटर पंप चालू करने उतरे थे कुएं में, बचाव में उतरा SDRF जवान भी गंभीर

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पीड़ित कुएं में लगे पानी वाले मोटर पंप सेट को चालू करने के लिए एक-एक कर नीचे उतरे थे। कुएं में पहले से मौजूद अत्यधिक जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं, बचाव कार्य के दौरान राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) का एक सिपाही भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया, जिसकी हालत फिलहाल बेहद चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।


केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का त्वरित एक्शन, 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान

घटना की सूचना मिलते ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी ने गया के जिलाधिकारी को तत्काल निर्देश जारी कर मौके पर राहत एवं बचाव दल भेजने को कहा। केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता के तौर पर 20-20 हजार रुपये की पारिवारिक लाभ राशि उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही सरकार की आपदा प्रबंधन योजना के तहत प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह मुआवजा देने का भी निर्णय लिया गया है।


सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी ने मगध मेडिकल और गांव पहुंचकर दी आर्थिक मदद

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के दिशा-निर्देश पर उनके सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी ने अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और इसके बाद गढ़ करमौनी गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। सांसद प्रतिनिधि ने मृतकों के अंतिम संस्कार में भाग लिया और पीड़ित परिवारों को दाह संस्कार के लिए अपनी ओर से आर्थिक मदद प्रदान की। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्रीय मंत्री पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और सरकार द्वारा देय सभी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।


गांव में पसरा मातमी सन्नाटा, जल्द पीड़ित परिजनों से मिलेंगे केंद्रीय मंत्री

इस भीषण हादसे के बाद से ही गढ़ करमौनी गांव में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है। सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी स्वयं बहुत जल्द पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचेंगे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को संभालने में जुटी हैं।


मनोज की रिपोर्ट