Bihar News : गयाजी स्टेशन पर आरपीएफ ने की बड़ी कार्रवाई, घेराबंदी कर दो तस्करों को दबोचा, 6 लाख से अधिक का गांजा किया जब्त

Bihar News : गयाजी आरपीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

आरपीएएफ की बड़ी कार्रवाई - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गयाजी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने स्टेशन परिसर से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 37 हजार रुपये आंकी जा रही है। इस मामले में आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

नीलांचल एक्सप्रेस के खुलते ही भागे संदिग्ध

जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई गया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 पर हुई। प्लेटफॉर्म से जैसे ही नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई, आरपीएफ की गश्ती टीम को प्लेटफॉर्म के पश्चिमी छोर पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें दौड़कर दबोच लिया।

बैग की तलाशी में मिले 12 पैकेट

हिरासत में लिए जाने के बाद रेलवे और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों युवकों के पास मौजूद बैगों की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक आरोपी के बैग से 7.526 किलोग्राम और दूसरे के बैग से 5.214 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने गांजे को छुपाने के लिए कुल 12 पैकेट बनाए हुए थे। वजन करने पर कुल जब्त गांजे की मात्रा 12.740 किलोग्राम पाई गई।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं तस्कर

आरपीएफ द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार और जितेंद्र मिश्रा के रूप में हुई है। ये दोनों तस्कर ट्रेन के माध्यम से मादक पदार्थों की इस बड़ी खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य में सप्लाई करने की फिराक में थे। आरपीएफ इनके पूरे नेटवर्क और बैकग्राउंड को खंगालने में जुटी है।

आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंपा

आरपीएफ ने मामले की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों और जब्त किए गए गांजे को आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) सोननगर के हवाले कर दिया है। जीआरपी अब एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर यह पता लगा रही है कि गांजे की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ डिलीवर किया जाना था।

मनोज की रिपोर्ट