Bihar News : ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन पर कांग्रेस ने कसा तंज, कहा पुल निर्माण में मोदी सरकार का कोई योगदान नहीं, परियोजना 2014 से पहले की
Bihar News : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि इस पुल के निर्माण का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पूर्व की केंद्र की डॉ. मनमोहन सिंह सरकार को जाता है।
GAYAJI : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार में जिस ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया है, उस पुल के निर्माण की परियोजना 2014 में उनके सत्तासीन होने से पहले की है और इसका कॉन्ट्रैक्ट भी 2014 से पहले ही हुआ था, जो 12 वर्षों में बनकर तैयार हुआ है। बताया गया है कि 4280 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 19.7 किलोमीटर लंबा पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि इस पुल के निर्माण का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पूर्व की केंद्र की डॉ. मनमोहन सिंह सरकार को जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आधारभूत संरचना से जुड़ी इस बड़ी परियोजना की नींव और प्रक्रिया पहले ही तय हो चुकी थी।
प्रो. मिट्ठू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार आखिर कब तक अपनी नाकामियों का ठीकरा कांग्रेस तथा नेहरू-गांधी परिवार के माथे फोड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज की सभा में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ अनर्गल बातें कहते हुए गरीबी हटाने का जिक्र किया, जबकि उन्हें शायद यह जानकारी नहीं है कि देश का बच्चा-बच्चा यह जानता है कि भारत में ‘गरीबी हटाओ’ का नारा और उससे जुड़े कार्य देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की देन हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए इतिहास और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की प्रवृत्ति ठीक नहीं है, जबकि जनता सब कुछ समझती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में पूर्ववर्ती सरकारों के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मनोज की रिपोर्ट