Bihar News: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर पथराव करने वाले दो नाबालिग गिरफ्तार, खिजरसराय में स्कूल कार्यक्रम के दौरान हुआ था बवाल, पुलिस जांच में जुटी
Bihar News: एक निजी स्कूल के कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर अचानक पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।...
Bihar News:गया जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक निजी स्कूल के कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर अचानक पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। यह सनसनीखेज वारदात खिजरसराय प्रखंड के सीसवर स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में हुई, जहां एक सम्मान समारोह के लिए मंत्री पहुंचे थे।कार्यक्रम के दौरान सब कुछ सामान्य चल रहा था। मंच पर सम्मान समारोह संपन्न हुआ और जैसे ही केंद्रीय मंत्री जनता को संबोधित करने के लिए आगे बढ़े, तभी अचानक बाहर की ओर से मंच की तरफ पत्थर फेंका गया। एक के बाद एक दो पत्थर मंच की दिशा में आए, जिससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई इस घटना से लोग घबरा गए और सुरक्षा कर्मी तुरंत हरकत में आ गए। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल मंत्री को अपने घेरे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि केंद्रीय मंत्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि उनके पीछे खड़े एक अंगरक्षक को पत्थर लग गया जिससे उसे हल्की चोट आई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव और रोष का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर आसपास के गांवों के ही बताए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह घटना अचानक हुई शरारत थी या इसके पीछे किसी तरह की साजिश शामिल है।
खिजरसराय थाना पुलिस के अनुसार अभी तक किसी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।इस घटना ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के नेताओं और समर्थकों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि हाल के दिनों में मांझी परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी क्षेत्र में कुछ राजनीतिक और स्थानीय विवाद सामने आए थे, जिससे माहौल पहले से ही संवेदनशील बना हुआ था। ऐसे में इस ताजा पथराव की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- मनोज कुमार