Bihar News : 205 कोबरा बटालियन में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन, जवानों ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Bihar News : फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 205 कोबरा बटालियन में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया....पढ़िए आगे

फिटनेस का संदेश - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 205 कोबरा बटालियन में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट नरेश पंवार ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी लंबोदर पात्री, उप कमांडेंट नरेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट मुकेश चंद बेरवा, मनोज कंडपाल, नितिन इंगले तथा चिकित्सा अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह परिहार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने पूरे उत्साह के साथ साइकिल चलाकर फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसका उद्देश्य दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और नियमित व्यायाम के प्रति लोगों को प्रेरित करना था।

इस मौके पर कमांडेंट नरेश पंवार ने कहा कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन के लिए नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। सभी को साइकिलिंग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों ने स्वस्थ, सक्रिय और फिट जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। उत्साहपूर्ण माहौल में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।