दादा की पुण्यतिथि पर भावुक हुए निशांत कुमार, नीतीश कुमार के साथ पहुंचे पैतृक गांव

निशांत कुमार ने अपने दादा कविराज राम लखन सिंह को याद करते हुए कहा कि वे एक कुशल वैद्य, स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक प्रतिष्ठा संपन्न व्यक्ति थे। उनके संस्कार, विचार और आदर्श आज भी परिवार की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

Nishant Kumar on Grandfathers Death Anniversary
Nishant Kumar on Grandfathers Death Anniversary- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपने दादा कविराज राम लखन सिंह की पुण्यतिथि पर रविवार को पैतृक गांव कल्याणबिगहा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने स्मृति वाटिका में स्थापित कविराज राम लखन सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


निशांत कुमार ने इसी वाटिका में स्थापित अपनी दादी और मां की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। परिवार के सदस्यों ने अपने पूर्वजों को याद करते हुए उनके आदर्शों और योगदान को स्मरण किया। गांव पहुंचने पर निशांत कुमार को स्थानीय लोगों से मुलाकात का भी मौका मिला। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उनका स्नेह एवं अपनापन प्राप्त किया।


दादा थे कुशल वैद्य और स्वतंत्रता सेनानी

इस मौके पर निशांत कुमार ने अपने दादा कविराज राम लखन सिंह को याद करते हुए कहा कि वे एक कुशल वैद्य, स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक प्रतिष्ठा संपन्न व्यक्ति थे। उनके संस्कार, विचार और आदर्श आज भी परिवार की सबसे बड़ी पूंजी हैं। निशांत ने कहा कि उनके दादा के जीवन से मिली सीख और मूल्य आज भी परिवार का मार्गदर्शन करते हैं।


पैतृक गांव से जुड़ाव का संदेश

कल्याणबिगहा नीतीश कुमार का पैतृक गांव है। परिवार के महत्वपूर्ण अवसरों पर यहां पहुंचने की परंपरा रही है। निशांत कुमार का दादा-दादी और मां की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित करना परिवार की विरासत और पूर्वजों के प्रति सम्मान को दर्शाता है। 


स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद निशांत कुमार की राजनीतिक और सार्वजनिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे में पैतृक गांव पहुंचकर परिवार के बुजुर्गों को याद करना और ग्रामीणों से मिलना भी चर्चा में रहा। वहीं इस दौरान नीतीश कुमार की एक खास तस्वीर भी सामने आई जिसमें नीतीश अपने बेटे निशांत के कंधे पर हाथ रखकर चलते दिख रहे हैं।