Bihar News : बांका में हाईवा के गुप्त तहखाने से 20 लाख की शराब उत्पाद विभाग की टीम ने किया बरामद, मौके से चालक को किया गिरफ्तार
Bihar News : उत्पाद थाना बांका की टीम ने पंजवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिक्रमपुर मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक 10-चक्का अशोक लीलैंड हाईवा से 1,631.520 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है।
GAYAJI : मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर बांका उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उत्पाद थाना बांका की टीम ने पंजवारा थाना क्षेत्र के बिक्रमपुर मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान 10-चक्का अशोक लीलैंड हाईवा से 1,631.520 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान हाईवा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड के गोड्डा से एक 10-चक्का हाईवा में अवैध विदेशी शराब की खेप लादकर पंजवारा के रास्ते भागलपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए मद्यनिषेध निरीक्षक धर्मवीर कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बिक्रमपुर मोड़ के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पंजवारा की ओर से आ रहे हाईवा को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन के डाला में बनाए गए गुप्त तहखाने से 187 कार्टन में छिपाकर रखी विभिन्न ब्रांडों की 1,631.520 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में ऑफिसर्स च्वाइस ओरिजिनल व्हिस्की के 143 कार्टन, ग्रीन लेबल बैरल स्पेशल प्रीमियम व्हिस्की के 15 कार्टन, ऑफिसर्स च्वाइस ब्लू प्योर ग्रेन व्हिस्की के 15 कार्टन और आइकोनिक व्हाइट एलीट इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की के 14 कार्टन शामिल हैं।
कार्रवाई में पुलिस ने शराब के साथ अशोक लीलैंड 10-चक्का हाईवा को जब्त किया है। गिरफ्तार चालक की पहचान श्रीराम कुमार (26 वर्ष), पिता स्व. राम दयाल राम, ग्राम औरा पचर बंशी, थाना तरियानी, जिला शिवहर के रूप में हुई है। इस मामले में उत्पाद थाना बांका में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड संख्या 479/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट