Bihar News : गयाजी में फल्गु के देवघाट पर लेजर लाइट शो का हुआ भव्य शुभारंभ, रोशनी और आधुनिक तकनीक से जीवंत हुई पौराणिक गाथा

Bihar News : पितृपक्ष मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं को गयाजी की समृद्ध धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराने के लिए फल्गु नदी के देवघाट पर लेजर लाइट शो का भव्य शुभारंभ किया गया है.....पढ़िए आगे

लेजर लाइट शो की शुरुआत - फोटो : MANOJ

GAYAJI : पितृपक्ष मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं को गयाजी की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता से रूबरू कराने के उद्देश्य से फल्गु नदी के देवघाट पर लेजर लाइट शो का शुभारंभ किया गया। लेजर लाइट शो के माध्यम से फल्गु नदी, गयाजी की पौराणिक महत्ता और माता सीता द्वारा राजा दशरथ के पिंडदान से जुड़ी धार्मिक कथा को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। लेजर लाइट शो का उद्घाटन मगध प्रमंडल के आयुक्त डॉ. सफीना ए एन, मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार तथा पूर्व डिप्टी मेयर एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।

फल्गु देवघाट पर शुरू किए गए इस लेजर शो में रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से गयाजी की धार्मिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। विशेष रूप से फल्गु नदी के महत्व, गयाजी में पिंडदान की परंपरा तथा माता सीता द्वारा राजा दशरथ के पिंडदान से जुड़ी मान्यता को श्रद्धालु लेजर शो के माध्यम से देख सकेंगे।पितृपक्ष के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। ऐसे में देवघाट पर शुरू किया गया लेजर लाइट शो उनके लिए धार्मिक आस्था के साथ-साथ गयाजी की समृद्ध पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जानने का आकर्षक माध्यम बनेगा।

शाम के समय फल्गु तट पर लेजर लाइट के जरिए प्रस्तुत होने वाला यह शो श्रद्धालुओं के अनुभव को और यादगार बनाएगा। मेयर ने कहा कि पितृपक्ष मेला केवल पिंडदान और तर्पण का आयोजन नहीं है, बल्कि गयाजी की प्राचीन धार्मिक परंपरा और संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने का भी अवसर है। फल्गु देवघाट पर लेजर लाइट शो इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

पूर्व डिप्टी मेयर एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि गयाजी केवल पिंडदान की भूमि नहीं, बल्कि सनातन धर्म की अत्यंत प्राचीन और महत्वपूर्ण तीर्थस्थली है। फल्गु नदी के देवघाट पर शुरू किया गया लेजर लाइट शो श्रद्धालुओं को गयाजी की धार्मिक और पौराणिक महत्ता को आधुनिक तकनीक के माध्यम से समझाने का प्रयास है। इसमें भगवान विष्णु के चरणचिह्न, फल्गु नदी की महत्ता और माता सीता द्वारा राजा दशरथ के पिंडदान की कथा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु यहां की धार्मिक परंपराओं और इतिहास को करीब से समझ सकेंगे। साथ ही, शाम के समय लेजर शो फल्गु तट के सौंदर्य को भी बढ़ाएगा और गयाजी आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए यह एक विशेष अनुभव होगा।

मनोज की रिपोर्ट