गया में दर्दनाक सड़क हादसा: गया एयरपोर्ट के समीप अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त, चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत

गया जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटना में चाचा-भतीजे की मौत हो गई है। एक साथ घर के दो-दो चिराग की मौत से परिवार मे कोहराम मचा हुआ है.....

मृतक की फाइल फोटो- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के परैया प्रखंड अंतर्गत बड़ैला गांव में उस वक्त मातम पसर गया जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान विमलेश कुमार और उनके भतीजे रॉकी रॉय के रूप में हुई है। घटना गया एयरपोर्ट के समीप बने डायवर्जन के पास घटी, जहाँ उनकी तेज रफ्तार यामाहा एफजेड (FZ) बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई।


नवजात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

यह हादसा बेहद हृदयविदारक है, क्योंकि रॉकी रॉय की शादी महज एक साल पहले हुई थी और वह मात्र 5 दिन पहले ही एक नवजात बेटे के पिता बने थे। वहीं उनके चाचा विमलेश कुमार भी चार माह पूर्व ही पिता बने थे। एक ही परिवार के दो चिरागों के एक साथ बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


बीएसएफ जवान और सेवानिवृत्त दरोगा का है परिवार

मृतक रॉकी रॉय के पिता राजस्थान में सीमा सुरक्षा बल (BSF) में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं, जबकि रॉकी स्वयं गया में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वहीं उनके चाचा विमलेश कुमार अपना निजी व्यवसाय संभालते थे। विमलेश के पिता रामसेवक यादव हाल ही में पुलिस विभाग से दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।


दोस्त ने बताया: कार न मिलने पर बाइक से निकले थे दोनों

रॉकी के दोस्त अजीत ने घटना के संदर्भ में बताया कि हादसे वाली रात रॉकी ने उससे कार मांगी थी, लेकिन कार उपलब्ध न हो सकी। जिसके बाद दोनों चाचा-भतीजा एफजेड बाइक से ही निकल पड़े। रास्ते में गया एयरपोर्ट के समीप बने डायवर्जन के पास बाइक असंतुलित होकर टकरा गई, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


मनोज की रिपोर्ट