Bihar News: ट्रॉमा सेंटर में लापरवाही का संगीन इल्ज़ाम, नवजात की मौत से बवाल, जांच की मांग तेज

Bihar News:स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए अनुमंडलीय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में एक नवजात की मौत के बाद हड़कंप मच गया।..

नवजात की मौत से बवाल- फोटो : reporter

Bihar News:स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में एक नवजात की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। घटना ने सुरक्षित प्रसव के दावों को कठघरे में ला खड़ा किया है।

मृत नवजात की मां रिमझिम कुमारी, गोलबाजार जेपी चौक, शेरघाटी की निवासी बताई जा रही हैं। परिजनों के मुताबिक प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने दर्द की दवा देकर अपने कक्ष का रुख कर लिया और बढ़ते दर्द के बावजूद समुचित निगरानी नहीं की गई।

परिवार का कहना है कि सुबह करीब 7:30 बजे ड्यूटी डॉक्टर डॉ. भास्कर अस्पताल पहुंचे, लेकिन बिना विस्तृत जांच के लौट गए। करीब सवा आठ बजे प्रसूता की हालत नाजुक हो गई। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में नर्स द्वारा प्रसव कराया गया, जहां कथित तौर पर नवजात का सिर देर तक फंसा रहा। बाद में डॉक्टर पहुंचे और शिशु को बाहर निकाला गया, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी नवजात को मृत घोषित कर दिया गया।इधर डॉ. भास्कर ने तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मरीज को देर से लाया गया था और मां को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि बच्चा मृत अवस्था में निकला।

परिजनों का एक और गंभीर आरोप है कि अस्पताल में नाभि काटने के लिए धागा तक उपलब्ध नहीं था और बाहर से व्यवस्था करनी पड़ी। स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि ट्रॉमा सेंटर सिर्फ नाम का रह गया है तो इसकी उपयोगिता पर सवाल उठना लाज़िमी है। फिलहाल परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार