Bihar News:सिविल कोर्ट परीक्षा देने आए दो अभ्यर्थियों को कुचला, स्टेशन रोड पर दर्दनाक अंत
Bihar News:सड़क हादसे में सिविल कोर्ट की चौथी श्रेणी की परीक्षा देने आए दो अभ्यर्थियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।...
Bihar News: एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया,जहां सिविल कोर्ट की चौथी श्रेणी की परीक्षा देने आए दो अभ्यर्थियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गयाजी स्टेशन रोड स्थित शनि मंदिर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों युवकों को कुचल दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों युवक परीक्षा देने के लिए गया पहुंचे थे और अपने एग्जाम सेंटर का पता कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर ही दम तोड़ बैठे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक बेहद तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। सड़क किनारे ठेला लगाकर सामान बना रहे एक दुकानदार ने बताया कि ट्रैक्टर ने पहले दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर उसकी ठेली में भी जा घुसा। टक्कर के बाद ठेला पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें रखा सारा सामान सड़क पर बिखर गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवकों की सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार एक युवक मुजफ्फरपुर और दूसरा भोजपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों और स्थानीय लोगों ने स्टेशन रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक सच को सामने ला दिया है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार