Bihar News:जंगल से भटककर गांव पहुंचे दो हाथी, गया में दहशत का माहौल, वन विभाग अलर्ट, सुरक्षित रेस्क्यू की कोशिश जारी

Bihar News:जंगल से भटककर दो जंगली हाथी आबादी वाले इलाके में पहुंच गए।...

जंगल से भटककर गांव पहुंचे दो हाथी- फोटो : reporter

Gayaji: जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर दो जंगली हाथी आबादी वाले इलाके में पहुंच गए। गन्नी पिपरा गांव के समीप हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और हाथियों को देखने के लिए भीड़ जुटने लगी। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक हाथियों ने किसी व्यक्ति या संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों हाथी संभवतः अपने झुंड से बिछड़कर अनजाने में गांव की ओर आ गए हैं। अपरिचित इलाके में पहुंचने के कारण वे बेचैन और असहज दिखाई दे रहे हैं। इस बीच कुछ बच्चों और युवाओं द्वारा हाथियों के करीब जाकर शोर-शराबा करने की कोशिश से किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने सभी से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

घटना की सूचना मिलते ही गुरपा वन क्षेत्र के वन रेंजर और फतेहपुर थाना पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का जायजा लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथियों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की गई है।

बता दें कि  वर्ष 2016 में भी फतेहपुर थाना क्षेत्र में हाथियों का एक झुंड पहुंचा था। उस दौरान हाथियों ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसी पुरानी घटना को याद कर ग्रामीणों में इस बार भी डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।फिलहाल वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों की कोशिश है कि दोनों हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर लौटाया जाए और किसी भी तरह की जनहानि या अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के पास जाने, उन्हें उकसाने या शोर-शराबा करने से बचें, ताकि रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

रिपोर्ट- मनोज कुमार