Bihar News : तेजस्वी के बयान पर केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने किया पलटवार, कहा- कोई उनकी बात गंभीरता से नहीं लेता....
Bihar News : गया पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर साधा निशाना. उन्होंने कहा की तेजस्वी की बात का कोई महत्व नहीं है......पढ़िए आगे
GAYAJI : केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे गया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे शेरघाटी में आयोजित संगठन के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए. शेरघाटी में वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी पर आधारित कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करेंगे. एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बिहार की सियासत और हालिया बयानों पर खुलकर अपनी बात रखी.
गया एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिसमें तेजस्वी ने कहा था कि यदि लालू प्रसाद यादव भाजपा से हाथ मिला लेते तो "चारा घोटाला नहीं, भाईचारा हो जाता." इस बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने राजद नेता पर जमकर निशाना साधा.
तेजस्वी के बयान पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "उनके पास अब कोई काम नहीं बचा है. बिहार की जनता ने गलती से उन्हें एक सीट ज्यादा दे दी, नहीं तो वे विपक्ष के लायक भी नहीं रहते." उन्होंने आगे कहा कि तेजस्वी यादव सिर्फ अपनी राजनीति की दुकान चलाने के लिए ऐसे बयान देते रहते हैं. बिहार और देश में उनकी बात का कोई महत्व नहीं है और न ही कोई उन्हें गंभीरता से लेता है.
वहीं, मीडिया द्वारा रिशु श्री से जुड़े कथित घोटाले और उसमें अधिकारियों की संलिप्तता को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस पूरे मामले की जांच जारी है. सतीश चंद्र दुबे ने सख्त लहजे में कहा, "जांच चल रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, वे सीधे जेल जाएंगे." मीडिया से इस संक्षिप्त लेकिन तीखी बातचीत के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शेरघाटी के लिए रवाना हो गए. शेरघाटी में वे न सिर्फ संगठन के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे, बल्कि युवाओं को संबोधित कर आगे की राजनीतिक दिशा और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर चर्चा भी करेंगे.
मनोज की रिपोर्ट