Bihar News : गया जंक्शन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का इंजन फेल, मालगाड़ी के सहारे पटना पहुंची ट्रेन, हलकान रहे यात्री
Bihar News : गया जंक्शन पर रविवार की रात उस समय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब रांची से पटना जाने वाली 22350 वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी आ गई......पढ़िए आगे
GAYAJI : रांची से पटना जाने वाली 22350 वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार रात अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के इंजन में गंभीर खराबी आने की वजह से यह अपने निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे की देरी से गया जंक्शन पहुंची। इस दौरान रास्ते में ट्रेन कई बार रुक-रुक कर चलती रही, जिससे यात्रियों में असमंजस और चिंता की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, इस सेमी-हाई स्पीड ट्रेन को अपने नियमित शेड्यूल के मुताबिक रात 8:40 बजे गया जंक्शन पहुंचना था। हालांकि, बीच रास्ते में आई तकनीकी बाधाओं के कारण ट्रेन रेंगती हुई रात लगभग 11:30 बजे स्टेशन पर आ सकी। ट्रेन के इस कदर लेट होने से गया और पटना जाने वाले यात्रियों का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया।
सफर के दौरान जब तकनीकी खराबी बेहद गंभीर हो गई, तो एहतियातन ट्रेन को बरकाकाना स्टेशन पर ही रोक दिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और इंजन की जांच कर उसे दुरुस्त करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भी जब समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी, तो रेलवे प्रशासन ने एक वैकल्पिक रास्ता अपनाया।
ट्रेन का परिचालन दोबारा शुरू करने और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस में एक मालगाड़ी का इंजन जोड़ा गया। मालगाड़ी के इंजन के सहारे ही इस प्रीमियम ट्रेन को आगे गया और फिर पटना के लिए रवाना किया गया। रेलवे का यह देसी जुगाड़ सोशल मीडिया और स्टेशन पर चर्चा का विषय बना रहा। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोडरमा समेत मार्ग में आने वाले कई अन्य स्टेशनों पर यात्रियों को घंटों तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। स्टेशन पर मौजूद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को संभाला, लेकिन इस अप्रत्याशित देरी के कारण यात्रियों को मानसिक और शारीरिक रूप से काफी असुविधा झेलनी पड़ी।
मनोज की रिपोर्ट