Bihar News : मगध विश्वविद्यालय प्रेस का कुलपति ने किया औचक निरीक्षण, गायब इंचार्ज और कर्मियों को जारी किया शो-कॉज नोटिस

Bihar News : बिहार के गया जी स्थित बोधगया मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने विश्वविद्यालय प्रेस का अचानक औचक निरीक्षण किया। जिससे कर्मियों में हड़कंप मच गया......पढ़िए आगे

प्रेस का औचक निरीक्षण - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जी स्थित बोधगया मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने विश्वविद्यालय प्रेस का अचानक औचक निरीक्षण किया। कुलपति के इस अप्रत्याशित दौरे से विश्वविद्यालय परिसर और प्रेस कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अनुशासनहीनता की बड़ी मिसाल सामने आई, जहाँ प्रेस के इंचार्ज/अधीक्षक सहित कई कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अपनी ड्यूटी से नदारद पाए गए।

विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने और कार्यालयों में कार्य संस्कृति व अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से कुलपति प्रो. केशरी ने यह कदम उठाया था। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्वयं प्रेस कार्यालय की उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) की गहन जांच की। ऑन-ड्यूटी अनुपस्थिति को देखकर कुलपति ने सख्त रुख अपनाया और अधिकारियों व कर्मचारियों की इस घोर लापरवाही पर भारी नाराजगी जाहिर की।

लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कुलपति ने तत्काल प्रभाव से कड़े प्रशासनिक निर्देश जारी किए। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए प्रेस इंचार्ज, अधीक्षक एवं अन्य सभी संबंधित कर्मचारियों से अविलंब स्पष्टीकरण तलब (शो-कॉज) करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस औचक निरीक्षण के जरिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों को एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने साफ शब्दों में कहा कि विश्वविद्यालय के किसी भी अंग में अनुशासनहीनता, लेटलतीफी या कर्तव्यों के प्रति लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करना होगा।

कुलपति ने चेतावनी दी कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भविष्य में भी विभिन्न प्रशासनिक विभागों, संकायों और अंगीभूत महाविद्यालयों का इसी प्रकार औचक निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने दोहराया कि ड्यूटी से गायब रहने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमसंगत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मनोज की रिपोर्ट