Bihar News: गया पहुंचे कृषि मंत्री विजय सिन्हा, विष्णुपद में पूजा के बाद पितृपक्ष मेले की तैयारियों का लिया जायजा

Bihar news: गया में पितृपक्ष मेले की तैयारियों के बीच कृषि मंत्री विजय सिन्हा गया जी पहुंचे।...

गया पहुंचे कृषि मंत्री विजय सिन्हा- फोटो : reporter

Bihar news: गया में पितृपक्ष मेले की तैयारियों के बीच कृषि मंत्री विजय सिन्हा गया जी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु का आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मंत्री ने विष्णुपद मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों तथा प्रशासनिक इंतजामों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विजय सिन्हा ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सहूलियत से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की मौजूदा स्थिति और मेला अवधि के दौरान संभावित चुनौतियों के बारे में भी जानकारी हासिल की।

पितृपक्ष के दौरान गया में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन के सामने मेला क्षेत्र में सुचारू व्यवस्था बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में सुरक्षा से लेकर स्वच्छता और यातायात तक हर मोर्चे पर पुख्ता इंतजाम की जरूरत रहती है।

कृषि मंत्री के निरीक्षण के दौरान स्थानीय अधिकारी और अन्य संबंधित लोग भी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और मेला क्षेत्र में सभी जरूरी सुविधाएं समय रहते मुकम्मल कर ली जाएं।उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से फीडबैक लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। खास तौर पर भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने की जरूरत पर ध्यान दिया गया।

विष्णुपद मंदिर गया की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान का अहम केंद्र है। पितृपक्ष के दौरान यहां देशभर से श्रद्धालुओं का जमावड़ा होता है। लिहाजा मेला क्षेत्र की तैयारियों का जायजा लेने के साथ मंत्री का निरीक्षण प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार और प्रशासन की कोशिश है कि पितृपक्ष के दौरान गया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

रिपोर्ट- मनोज कुमार