Bihar News : गयाजी के गांधी नगर में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प, जमकर हुई बमबाजी, फायरिंग और तोड़फोड़
Bihar News : गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र के गांधी नगर में जमीन विवाद को लेकर बमबाजी, फायरिंग और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है......पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार के गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी नगर मोहल्ले में जमीन विवाद को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद में दूसरे पक्ष पर बमबाजी, ताबड़तोड़ फायरिंग और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इस हिंसक झड़प के बाद से इलाके में भारी दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित जमीन मालिक सत्यनारायण और मुन्ना कुमार ने आरोप लगाया है कि वे लोग न्यायालय से संबंधित कानूनी आदेश मिलने के बाद ही अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। इस भूमि को लेकर पहले से भी कोर्ट में विवाद चलने की बात कही गई है। शनिवार की दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच जब निर्माण कार्य चल रहा था, तभी विरोधी पक्ष के लोग वहां पहुंचे और काम में बाधा डालने लगे।
पीड़ितों का दावा है कि दूसरे पक्ष के लोग जमीन की कीमत का आधा हिस्सा रंगदारी के रूप में मांग रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने वहां जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि उन्होंने निर्माण स्थल पर बमबाजी और फायरिंग की, घरों के दरवाजे पीटे तथा कुर्सियां तोड़ डालीं। पीड़ितों का यह भी कहना है कि इस पूरी घटना के पुख्ता सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध हैं, जिसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही चंदौती थाने के एसआई शिवनाथ कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान भी गोली चलने की बात सामने आई है। फिलहाल इस मामले में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज होने, आरोपियों की कुल संख्या तथा बमबाजी और फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत बयान आना बाकी है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहा है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मनोज की रिपोर्ट