Bihar News : गया में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई, बहेड़ा में गांजा के साथ महिला को किया गिरफ्तार

Bihar News : गयाजी के बहेड़ा थाना क्षेत्र की पुलिस ने छापेमारी करते हुए एक महिला को 7 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।

गांजा के साथ महिला गिरफ्तार - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : गया जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहेड़ा थाना क्षेत्र की पुलिस ने छापेमारी करते हुए एक महिला को 7 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध नशे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को बहेड़ा थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम कोठवारा में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सत्यापन किया और आगे की कार्यवाही के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद एक महिला पुलिस बल को चकमा देकर भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन सतर्कता बरतते हुए सशस्त्र बल के सहयोग से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार महिला के घर की विधिवत तलाशी ली।

तलाशी के दौरान घर के दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित कमरे में रखे एक स्टील के कंटेनर से तीन पारदर्शी पॉलीथिन बैग बरामद किए गए, जिनमें कुल 7 किलो 400 ग्राम गांजा भरा हुआ था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिला घर में गांजा रखे होने को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी और न ही इससे जुड़े कोई वैध कागजात ही प्रस्तुत कर पाई।

इस संबंध में बहेड़ा थाना कांड संख्या 203/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

मनोज की रिपोर्ट