सदर अस्पताल में मनाया गया ‘डे ऑफ होम्योपैथी-2026’, सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सेवाओं की दी गई जानकारी

सुपौल सदर अस्पताल में डे ऑफ होम्योपैथी मनाया गया। इस मौके पर होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई....

सदर अस्पताल में मनाया गया ‘डे ऑफ होम्योपैथी-2026’, सरकारी अस
सदर अस्पताल में मनाया गया ‘डे ऑफ होम्योपैथी-2026- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी के तत्वावधान में ‘डे ऑफ होम्योपैथी-2026’ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध इस चिकित्सा सेवा की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना था। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने होम्योपैथी चिकित्सा से संबंधित विभिन्न जानकारियां साझा कीं।


कार्यक्रम का उद्घाटन अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसएन सिन्हा, जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. शमीम कमर, डीपीएम बालकृष्ण, डीएमएनई शशि और अस्पताल प्रबंधक अभिनव झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में पहुंचे पदाधिकारियों को बुके देकर सम्मानित भी किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसएन सिन्हा, जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. शमीम कमर, डीपीएम बालकृष्ण और डीएमएनई शशि ने स्वास्थ्य सेवाओं तथा होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति से जुड़ी जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि लोगों के बीच होम्योपैथी चिकित्सा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।


इस दौरान बताया गया कि होम्योपैथी देशी चिकित्सा पद्धति का एक अंग है और सरकारी अस्पतालों में इसके चिकित्सा पदाधिकारी भी कार्यरत हैं। आम लोगों से अपील की गई कि वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं की जानकारी लें और इससे संबंधित जागरूकता अपने आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।


कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय आयुष मिशन, भारत सरकार, राज्य आयुष समिति, बिहार, पटना और जिला आयुष समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजन के माध्यम से लोगों को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में उपलब्ध होम्योपैथिक सेवाओं से परिचित कराने और इस चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।


विनय की रिपोर्ट