ट्रेन में महिला पुलिसकर्मी की 'दबंगई': सीट विवाद में यात्री को जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल होने के बाद पटना GRP में शिकायत दर्ज

गया से पटना जा रही ट्रेन में सीट विवाद को लेकर एक महिला पुलिसकर्मी ने यात्री को थप्पड़ मार दिया। पीड़ित यात्री ने पटना जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है।

Gayaji - गया से पटना जा रही एक पैसेंजर ट्रेन शुक्रवार को उस वक्त जंग का मैदान बन गई, जब सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में एक महिला पुलिसकर्मी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महिला पुलिसकर्मी को एक यात्री को थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है। पीड़ित यात्री ने अब पटना जीआरपी (GRP) में लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की है। 

सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, गया जिले के इमामगंज प्रखंड का निवासी रॉकी राज, जो पटना में रहकर पढ़ाई या काम करता है, गया स्टेशन से पटना जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। रॉकी अपनी सीट पर बैठा हुआ था, तभी कुछ महिला पुलिसकर्मी उसी कोच में पहुंचीं। सीट पर बैठने को लेकर रॉकी और महिला पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी ने आपा खो दिया और रॉकी को थप्पड़ जड़ दिया। 

जहानाबाद में उतर गईं पुलिसकर्मी

प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के अनुसार, थप्पड़ मारने के बाद भी महिला पुलिसकर्मी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जब अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो वे अपने साथियों के साथ जहानाबाद स्टेशन पर ट्रेन से उतर गईं। पीड़ित रॉकी का दावा है कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ कोई अभद्रता नहीं की थी, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई। 

पटना GRP में न्याय की गुहार

पटना पहुंचने के बाद पीड़ित रॉकी राज ने सीधे रेल पुलिस (GRP) का दरवाजा खटखटाया। उसने आवेदन देकर दोषी महिला पुलिसकर्मी की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। रॉकी ने बताया कि एक रक्षक द्वारा इस तरह का व्यवहार मानसिक और शारीरिक रूप से आहत करने वाला है। 

जांच के घेरे में खाकी

रेल पुलिस के अधिकारियों ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिला पुलिसकर्मी किस इकाई (Unit) में तैनात हैं और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है।

Report - manoj kumar