Bihar News: घर पर फायरिंग से दहशत, केस में सुलह का दबाव! पीड़िता ने IG विकास वैभव से लगाई गिरफ्तारी की गुहार

Bihar News: घर पर हुई कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।..

घर पर फायरिंग से दहशत- फोटो : reporter

Bihar News: गया सिविल लाइन थाना कांड संख्या 482/26 को लेकर पितामहेश्वर निवासी चांदनी नूतन पुरी ने गया के आईजी विकास वैभव से मुलाकात कर अपनी फरियाद रखी है। पीड़िता ने आईजी को आवेदन सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़िता के आरोपों के बाद मामला गंभीर हो गया है और अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उनके घर के बाहर दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग की। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया है। चांदनी नूतन पुरी का दावा है कि घर में लगे CCTV कैमरे में फायरिंग की पूरी वारदात कैद हुई है। उन्होंने आईजी के समक्ष इस मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता ने आईजी को बताया कि उनके पति को पूर्व में गोली मारकर घायल किया गया था। इस घटना को लेकर सिविल लाइन थाना कांड संख्या 289/20 दर्ज है। पीड़िता के मुताबिक, यह मामला फिलहाल व्यवहार न्यायालय में गवाही के चरण में लंबित है।चांदनी नूतन पुरी का आरोप है कि पुराने मामले के अभियुक्तों की ओर से लगातार केस में सुलह करने के लिए धमकी और दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि गवाही और न्यायिक प्रक्रिया के बीच इस तरह का दबाव परिवार के लिए चिंता का सबब बना हुआ है।पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपियों की ओर से मामले के साक्ष्यों को प्रभावित करने अथवा किसी तरह का अनैतिक प्रयास किया जा सकता है। इसी वजह से उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार, घर पर हुई कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पीड़िता ने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।आईजी से मुलाकात के दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने, फरार आरोपी को गिरफ्तार करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग रखी। उनका कहना है कि पुराने मुकदमे में न्यायिक प्रक्रिया चल रही है और ऐसे में किसी भी तरह का दबाव या धमकी गंभीर चिंता का विषय है।फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है। CCTV फुटेज, घटनास्थल से बरामद खोखा और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही फायरिंग की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।अब यह देखना अहम होगा कि आईजी के समक्ष दिए गए आवेदन के बाद पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाती है। जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार