Bihar News : गोपालगंज सदर अस्पताल में मरीज की मौत के बाद बवाल, परिजनों पर लगा डॉक्टर से मारपीट और बंधक बनाने का आरोप
Bihar News : गोपालगंज सदर अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया।
GOPALGANJ : गोपालगंज सदर अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों पर इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट करने और उन्हें बंधक बनाने का आरोप है। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और इलाज के लिए पहुंचे अन्य मरीजों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभालते हुए काफी मशक्कत के बाद स्थिति को सामान्य कराया। अस्पताल में अचानक हुए इस विवाद के चलते कुछ देर तक इमरजेंसी सेवाएं भी प्रभावित रहीं। सदर अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक ने पूरे मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह करीब 10 बजे एक मरीज को इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था, जिसकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि डॉक्टर मरीज की मृत्यु की पुष्टि के लिए जांच कर रहे थे, तभी परिजन भड़क गए और डॉक्टर के साथ मारपीट करने लगे। सिविल सर्जन के अनुसार, अस्पताल की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और परिजनों को समझा-बुझाकर वहां से भेजा। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा और पुलिस के माध्यम से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। पहचान होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नमो नारायण की रिपोर्ट