Bihar Health Department:बिहार का गजब हाल... कागजों में मॉडल, अस्पताल बना नाला! एक्स-रे वार्ड में भरा शौचालय का गंदा पानी, मरीजों का हाल बेहाल

Bihar Health Department: बिहार से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने स्वास्थ्य महकमे की पोल खोल दी है।

कागजों में मॉडल, अस्पताल बना नाला! - फोटो : reporter

Bihar Health Department: बिहार से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने स्वास्थ्य महकमे की पोल खोल दी है। करोड़ों की लागत से बना गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल खुद बदइंतज़ामी और लापरवाही का शिकार नजर आ रहा है। हालात यह हैं कि एक्स-रे वार्ड में शौचालय का गंदा पानी भर गया, जिससे पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस मॉडल अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं का दावा किया गया था। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। एक्स-रे रूम में लैट्रिन का गंदा पानी बहता नजर आया, जिसमें कचरा भी तैर रहा था। बदबू और गंदगी के कारण एक्स-रे सेवा पूरी तरह ठप हो गई।

दूर-दराज से जांच कराने पहुंचे मरीज घंटों इंतजार करते रहे। कई मरीज मायूस होकर लौट गए। परिजनों का कहना है कि जब अस्पताल में ही ऐसी बदहाली होगी, तो आम आदमी इलाज के लिए कहां जाएगा?

एक्स-रे इंचार्ज आकाश कुमार ने साफ कहा कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी दो-तीन बार ऐसी समस्या सामने आ चुकी है। इंजीनियर और बिल्डिंग विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल जब तक गंदे पानी की निकासी नहीं होगी, एक्स-रे सेवा बंद रहेगी।

मरीजों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। उनका सवाल है कि आखिर बार-बार छत से गंदा पानी टपकना या एक्स-रे रूम में शौचालय का पानी भर जाना किस ओर इशारा करता है? क्या निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ? या फिर रखरखाव में भारी लापरवाही बरती जा रही है?

यह अस्पताल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, लेकिन मौजूदा हालात व्यवस्था पर करारा तमाचा हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी? क्या 38 करोड़ की लागत से बने इस मॉडल अस्पताल की सूरत बदलेगी? फिलहाल जांच की बात कही जा रही है, लेकिन मरीजों को इंतजार है ठोस कार्रवाई का ताकि इलाज का यह केंद्र गंदगी का अड्डा न बन जाए।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा