पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में पूर्व विधायक बच्चा चौबे के दो बेटे दोषी, 35 साल बाद आया कोर्ट का फैसला

वारदात 10 अप्रैल 1991 की है। कुचायकोट थाने में दर्ज कांड संख्या 40/1991 के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी पूर्व सांसद और मंत्री नगीना राय उस दिन पटना से गोपालगंज पहुंचे थे। इसी दौरान सात-आठ हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

Nageena Rai Murder Case - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के पूर्व सांसद और राज्य सरकार में मंत्री रहे नगीना राय की हत्या के करीब 35 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। गोपालगंज जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजीव कुमार सिंह की अदालत ने इस चर्चित हत्याकांड में पूर्व विधायक बच्चा चौबे के दो पुत्रों परमात्मा चौबे और ब्रज भूषण चौबे को दोषी करार दिया है। फैसला सुनाते ही अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेजने का आदेश दिया।


इस मामले में तीसरे आरोपी और उसी गांव के रहने वाले सत्येंद्र उपाध्याय को अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। अब दोषी करार दिए गए दोनों अभियुक्तों की सजा के बिंदु पर 8 दिसंबर को सुनवाई होगी। इसके बाद अदालत सजा का ऐलान करेगी।


35 साल तक लंबित रहने पर कोर्ट ने जताई नाराजगी

हत्याकांड की सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले के करीब साढ़े तीन दशक तक लंबित रहने पर नाराजगी भी जताई। इस मुकदमे में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार दुबे ने पैरवी की, जबकि अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी धर्मदेव सिंह और अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी ने अदालत के सामने साक्ष्य प्रस्तुत किए।


10 अप्रैल 1991 को गोली मारकर हुई थी हत्या

यह सनसनीखेज वारदात 10 अप्रैल 1991 की है। कुचायकोट थाने में दर्ज कांड संख्या 40/1991 के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी पूर्व सांसद और मंत्री नगीना राय उस दिन पटना से गोपालगंज पहुंचे थे। गोपालगंज को-ऑपरेटिव बैंक में कुछ लोगों से मुलाकात करने के बाद वह जीप से अपने घर के लिए रवाना हुए।


शाम करीब छह बजे उनकी जीप कुचायकोट थाना क्षेत्र के भोपतिपुर गांव के पास पहुंची। वहां सड़क पर गन्ने से लदी बैलगाड़ी खड़ी होने के कारण रास्ता जाम था और उनकी जीप रुक गई। इसी दौरान सात-आठ हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में नगीना राय की मौके पर ही मौत हो गई थी। करीब 35 साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अब इस हत्याकांड में दो आरोपियों को दोषी ठहराया गया है। 8 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर सबकी नजर रहेगी, जब अदालत दोनों की सजा तय करेगी।