Bihar News : गोपालगंज में अतिक्रमण हटाने गयी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, पुलिस ने चटकाई लाठियां
Bihar News : गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड अंतर्गत जलालपुर बाजार में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के लिए चयनित सरकारी जमीन को प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। हालाँकि इसके लिए पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा...
GOPALGANJ : जिले के सिधवलिया में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के लिए चयनित सरकारी जमीन को प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। जलालपुर बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया। यहां तक कि अतिक्रमण हटाने में लगे बुलडोजर को भी निशाना बनाया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
दरअसल, जलालपुर पंचायत के जलालपुर बाजार में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के निर्माण के लिए सरकारी जमीन का चयन किया गया है। इस जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद आज प्रभारी एसडीएम रंजना भारती और अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान एसडीपीओ सदर-2 कृपाल चंद्र जायसवाल के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सिधवलिया थानाध्यक्ष सोमदेव झा और महम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे।
वहीं, पथराव और विरोध के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई पूरी करते हुए सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। अंचलाधिकारी ने बताया कि जमीन खाली करा ली गई है और जल्द ही यहां कन्या विवाह मंडप का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नमो नारायण की रिपोर्ट