Ishan Kishan: जमुई में ईशान किशन को देख उमड़े प्रशंसक, सोनो में रुकी कार, डीएम से भी की मुलाकात
Ishan Kishan: देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम की पूजा के लिए पहुंचे ईशान किशन जमुई के सोनो और औयरा से गुजरे। प्रशंसकों ने तस्वीरें खिंचवाईं और उन्होंने डीएम से मुलाकात की।
Ishan Kishan: भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन के जमुई जिले से गुजरने के दौरान गुरुवार और शुक्रवार को क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सामान्य कपड़ों में परिवार के साथ कार से यात्रा कर रहे ईशान को देखकर पहले कुछ लोगों को पहचानने में समय लगा, लेकिन पहचान होते ही प्रशंसक उनके करीब पहुंचने लगे। किसी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने की इच्छा जताई, तो किसी ने इस मुलाकात को कैमरे में कैद किया। ईशान ने भी प्रशंसकों के साथ सहजता से तस्वीरें खिंचवाईं।
ईशान किशन देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार जमुई जिले के सोनो और औयरा इलाके से होकर गुजरी। देवघर से लौटते समय उन्होंने जिलाधिकारी श्री नवीन से उनके आवास पर मुलाकात भी की। इस दौरान क्रिकेट, उनके खेल करियर और जमुई की प्राकृतिक व ऐतिहासिक पहचान को लेकर बातचीत हुई।
औयरा पेट्रोल पंप पर रुकी कार, पुलिसकर्मियों ने भी पहचाना
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, ईशान किशन गुरुवार रात पटना स्थित अपने आवास से माता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कार से देवघर के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में सोनो के औयरा पेट्रोल पंप के पास उनकी कार कुछ देर के लिए रुकी।
पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने ईशान को पहचान लिया। वे सामान्य कपड़ों में थे, लेकिन क्रिकेट प्रशंसक उन्हें पहचानने में देर नहीं लगा सके। देखते ही देखते लोग उनके आसपास जुटने लगे। रात्रि गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों ने भी क्रिकेटर को पहचाना और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। ईशान ने बिना किसी झिझक के प्रशंसकों के साथ फोटो खिंचवाए। उनके सहज व्यवहार से वहां मौजूद लोग खुश नजर आए। कुछ देर रुकने के बाद वे परिवार के साथ देवघर के लिए रवाना हो गए।
वापसी में सोनो चौक पर जुटे युवा, भीड़ बढ़ने पर आगे निकले
शुक्रवार को देवघर से लौटते समय ईशान किशन की कार सोनो चौक पर आंशिक जाम के बीच पहुंची। कार में क्रिकेटर को देखकर लोगों ने उन्हें फिर पहचान लिया। खासकर युवाओं में उन्हें देखने और उनके साथ तस्वीर लेने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। कुछ ही देर में लोग कार के आसपास जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख ईशान वहां से आगे निकल गए। उनकी एक झलक पाने और तस्वीर खिंचवाने की कोशिश कर रहे प्रशंसकों के बीच उनकी यात्रा चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों ने उनके सरल और सौम्य व्यवहार की भी सराहना की।
डीएम आवास पर ईशान किशन की मुलाकात
देवघर में पूजा-अर्चना के बाद लौटते समय ईशान किशन जिलाधिकारी श्री नवीन से उनके आवास पर मिले। दोनों के बीच आत्मीय बातचीत हुई। ईशान ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर, खेल यात्रा और मैदान पर मिले अनुभव साझा किए। इस मुलाकात में जमुई की प्राकृतिक और ऐतिहासिक पहचान पर भी चर्चा हुई। ईशान की जिले से यात्रा और डीएम से मुलाकात स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।