UPI SMS Alert: इस बैंक के ग्राहकों को नए साल से 500 तक के UPI पेमेंट पर नहीं मिलेगा ये सुविधा, जानें क्या है वो खास चीज

UPI SMS Alert: HDFC Bank 1 जनवरी 2027 से 500 तक के UPI पेमेंट पर SMS अलर्ट बंद करेगा। जानें RBI के नए नियम और ग्राहकों को ईमेल व अन्य अलर्ट कैसे मिलेंगे।

UPI SMS Alert

UPI SMS Alert: आजकल छोटी से छोटी खरीदारी के लिए भी लोग UPI से भुगतान करते हैं। कभी 50 रुपये की चाय, तो कभी 200 रुपये का सामान खरीदने के लिए फोन से पेमेंट कर दिया जाता है। ट्रांजैक्शन पूरा होते ही बैंक की ओर से आने वाला SMS खाते से पैसे कटने की जानकारी देता है। लेकिन नए साल से HDFC Bank के ग्राहकों को छोटे UPI पेमेंट पर यह SMS अलर्ट नहीं मिलेगा।


HDFC Bank ने ग्राहकों को भेजे नोटिफिकेशन में बताया है कि 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये तक के UPI ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट भेजना बंद कर दिया जाएगा। यानी अगर ग्राहक 100, 200 या 500 रुपये का UPI भुगतान करते हैं, तो बैंक की ओर से फोन पर SMS नहीं आएगा।


RBI के नए नियम क्या हैं?


इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़े नए निर्देशों के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये से ज्यादा के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन पर बैंकों को तुरंत SMS अलर्ट भेजना जरूरी होगा। वहीं, 500 रुपये तक के लेनदेन पर SMS भेजना बैंक की अपनी नीति पर निर्भर करेगा। 


बैंक चाहें तो ऐसे ट्रांजैक्शन के लिए SMS अलर्ट जारी रख सकते हैं या इसे बंद कर सकते हैं। हालांकि, यदि बैंक 500 रुपये से कम के लेनदेन पर SMS भेजते हैं, तो इसके लिए ग्राहक से कोई शुल्क नहीं लिया जा सकता। ये निर्देश केवल UPI तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर लागू होंगे।


HDFC Bank ग्राहकों को अब कैसे मिलेगा अलर्ट?


HDFC Bank के नोटिफिकेशन के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये तक के UPI पेमेंट पर SMS अलर्ट नहीं भेजा जाएगा। हालांकि, बैंक की ओर से सभी UPI ट्रांजैक्शन के लिए ईमेल अलर्ट जारी रहने की जानकारी दी गई है। इसका मतलब है कि छोटे UPI भुगतान पर SMS न आने के बावजूद ग्राहक को ईमेल के जरिए ट्रांजैक्शन की जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा बैंक अपनी नीति के अनुसार ऐप नोटिफिकेशन और पुश नोटिफिकेशन जैसे दूसरे अलर्ट भी भेज सकता है।


ग्राहकों को क्या ध्यान रखना चाहिए?


HDFC Bank के ग्राहक छोटे UPI पेमेंट के बाद SMS न मिलने पर केवल इसी आधार पर यह न मानें कि ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हुआ। भुगतान की स्थिति बैंक के ऐप, खाते के विवरण या उपलब्ध ईमेल अलर्ट के जरिए जांची जा सकती है।