Bihar Crime News: जहानाबाद में जमीनी विवाद में हिंसक झड़प, युवक को मारी गोली, मचा हड़कंप
Bihar Crime News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। ताजा मामला जहानाबाद का है। जहां बेखौफ अपराधियों ने युवक को गोली मार दी है।

Bihar Crime News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला जहानाबाद का है। जहां जमीनी विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को गोली मार दी है। घायल युवक को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। पूरा मामला जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा गांव में ज़मीन विवाद एक बार फिर हिंसा में तब्दील हो गया।
युवक को मारी गोली
जानकारी अनुसार शुक्रवार शाम को अज्ञात अपराधियों ने धर्मेंद्र कुमार नामक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बारे में घायल धर्मेंद्र ने बताया कि उसके गांव में उसके चाचा से पारिवारिक विवाह विवाद चल रहा है। साथ ही उसके ससुराल में एक तालाब को लेकर भी तनातनी चल रही है। जिसमें एक लड़की को भगाकर शादी करने का मामला भी जुड़ा हुआ है।
जमीनी विवाद को लेकर हिंसक झड़प
धर्मेंद्र ने शक जताया कि इन्हीं दोनों मामलों से जुड़े लोगों ने उस पर गोली चलाई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही हुलासगंज के डीएसपी और थानाध्यक्ष सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी। दिनभर में जिले में यह दूसरी बड़ी घटना थी।
लगातार बढ़ रही घटनाएं
इससे पहले सुबह एक युवक को उसके ही भाई ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ज़मीनी विवाद अब आए दिन हिंसा की वजह बनता जा रहा है, और प्रशासन को इस पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए।
जहानाबाद से रितेश कुमार की रिपोर्ट