Tilak ceremony: अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह में पंडित जी को मिली कितनी दक्षिणा? जानकर रह जाएंगे हैरान

Tilak ceremony: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह में शाही अंदाज देखने को मिला। पंडित जी को 1.51 लाख रुपये दक्षिणा मिली, जबकि दामाद ऋषिकेश कुमार को डिफेंडर कार भेंट की गई।

Tilak ceremony

Tilak ceremony: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने शाही अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मौका उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह का था। 25 नवंबर को होने वाली शादी से पहले 20 नवंबर को पटना के दानापुर स्थित एक रिजॉर्ट में भव्य तिलक समारोह आयोजित किया गया। इसमें अनंत सिंह 400 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे। समारोह में दामाद को महंगी डिफेंडर कार भेंट करने से लेकर पंडित जी को लाखों रुपये की दक्षिणा देने तक, कई बातें चर्चा का विषय बनी हुई हैं।


पंडित जी को मिली 1 लाख 51 हजार रुपये की दक्षिणा


अनंत सिंह की बेटी का तिलक चढ़वाने वाले पंडित जी को दक्षिणा के रूप में 1 लाख 51 हजार रुपये दिए गए। जब उनसे इस दक्षिणा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसकी पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने कहा कि विधायक अनंत सिंह ने पहले भी उनके परिवार की काफी मदद की है।


पंडित जी के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही अनंत सिंह ने उनकी दो बेटियों की शादी करवाने में मदद की थी। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी और भाई के दो-दो ऑपरेशन भी करवाए थे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि लाखों रुपये खर्च करके किसी को जीवनदान देना कोई सामान्य बात नहीं है। पंडित जी ने यह भी कहा कि उन्हें अलग से दक्षिणा की जरूरत नहीं है, क्योंकि विधायक की ओर से मिला सम्मान ही उनके लिए काफी है। इसके बावजूद तिलक की रस्म के दौरान उन्हें 1.51 लाख रुपये दिए गए।


दामाद ऋषिकेश कुमार को गिफ्ट की लग्जरी डिफेंडर कार


दानापुर के रिजॉर्ट में आयोजित इस शाही तिलक समारोह में उपहारों की भी खूब चर्चा रही। अनंत सिंह ने अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लग्जरी डिफेंडर कार भेंट की। समारोह में यह कार आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। कार के अलावा तिलक की रस्म में चांदी के बर्तन, सोने-चांदी के चम्मच, फल, मिठाइयां और कपड़े समेत कई उपहार दिए गए। समारोह के एक वीडियो में दुल्हन के भाई दूल्हे को हार पहनाने के बाद उपहारों से भरी थाली देते दिखाई दे रहे हैं। इस थाली में फल और कपड़ों के साथ 500 रुपये के नोटों की गड्डी भी रखी हुई नजर आ रही है।


400 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे अनंत सिंह


तिलक समारोह में अनंत सिंह का शाही अंदाज भी देखने को मिला। वह 400 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके पहुंचने के साथ ही समारोह की भव्यता और उपहारों को लेकर चर्चा तेज हो गई। 25 नवंबर को होने वाली शादी से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए। उनके स्वागत और खान-पान के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे।


मेहमानों के लिए सजे खास पकवान और मिठाइयां


शाही तिलक समारोह में मेहमानों की दावत का भी खास ध्यान रखा गया। भोजन में पुलाव, पूड़ी, सलाद और कई तरह के पकवान परोसे गए। वहीं मिठाइयों में रसगुल्ला और गुलाब जामुन समेत कई विकल्प रखे गए थे।