गुरुकुल या कत्लगाह? हॉस्टल के अंदर मासूम की गला रेतकर हत्या, सुरक्षा व्यवस्था के उड़े परखच्चे
बिहार के जहानाबाद जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ कनौदी स्थित ‘गुरुकुल पब्लिक स्कूल’ के हॉस्टल में 5 वर्षीय मासूम आशू कुमार की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई।
बिहार के जहानाबाद जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ कनौदी स्थित ‘गुरुकुल पब्लिक स्कूल’ के हॉस्टल में 5 वर्षीय मासूम आशू कुमार की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक बच्चा बुलाकी बिगहा गांव के धनंजय कुमार का पुत्र था। परिजनों ने बेहतर भविष्य की उम्मीद में महज 10 दिन पहले ही उसे इस निजी स्कूल के हॉस्टल में दाखिल कराया था, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिस संस्थान को वे सुरक्षित समझ रहे थे, वही उनके बच्चे के लिए काल बन जाएगा।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही जब परिजन स्कूल पहुंचे, तो मासूम आशू लहूलुहान हालत में मिला। उसकी गर्दन पर गहरे जख्म के निशान थे। आनन-फानन में उसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए पटना (PMCH) ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण उग्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
NH-22 पर भारी हंगामा: पुलिस की संवेदनहीनता से बढ़ा आक्रोश
वारदात से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और पटना-गया मुख्य मार्ग (NH-22) को जाम कर दिया। घंटों तक आवागमन बाधित रहा और प्रदर्शनकारियों ने इंसाफ की मांग को लेकर नारेबाजी की। इस संवेदनशील मामले में पुलिस का रवैया भी सवालों के घेरे में है। जहानाबाद सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने मीडिया को ब्रीफ करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति और अधिक नाराजगी देखी गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: आखिर हॉस्टल के भीतर कैसे घुसा कातिल?
स्कूल के हॉस्टल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर एक छोटे बच्चे की गला काटकर हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह किसी रंजिश का नतीजा है या स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा में कोई बड़ी चूक? फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है, लेकिन अब तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।