Bihar News: फरार अभियुक्तों पर पुलिस का शिकंजा , 8 घरों में कुर्की-जब्ती, एसपी का सख्त संदेश- सरेंडर करो या कार्रवाई झेलो

Bihar News: अपराध और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ जहानाबाद पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए फरार अभियुक्तों पर शिकंजा और कस दिया है।...

सपी का सख्त संदेश- सरेंडर करो या कार्रवाई झेलो- फोटो : reporter

Jahanabad: अपराध और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ जहानाबाद पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए फरार अभियुक्तों पर शिकंजा और कस दिया है। भेलावर थाना कांड संख्या-194/26 में नामजद आठ फरार अभियुक्तों के घरों पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान पूरे इलाके में पुलिस की मौजूदगी और प्रशासनिक सख्ती चर्चा का विषय बनी रही।

जहानाबाद  पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और उनकी निगरानी में ग्राम निसरपुरा में फरार अभियुक्तों के घरों पर विधिसम्मत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं घोषी भी मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार, भेलावर थाना कांड में नामजद आठ अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालय के आदेशों की लगातार अवहेलना कर रहे थे। इसके बाद न्यायालय से प्राप्त आदेश के आलोक में उनके घरों पर पहले इश्तिहार चिपकाया गया और फिर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस ने घरों में मौजूद संपत्तियों का विधिवत आकलन करते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तथा न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने फरार अभियुक्तों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे शीघ्र न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करें, अन्यथा आगे भी इसी प्रकार की कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। जहानाबाद पुलिस की इस सख्ती से फरार अभियुक्तों और उनके सहयोगियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम लोगों के बीच कानून के प्रति विश्वास और मजबूत होने की चर्चा है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार