जहानाबाद पहुंचे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव : पुलिस पदाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, दिए कई कड़े निर्देश

Bihar Police News : मगध क्षेत्र के नवनियुक्त आईजी विकास वैभव आज जहानाबाद जिला मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक किए। बैठक के दौरान उन्होने सख्त लहजे में कहा कि कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नही की जाएगी....

जहानाबाद पहुंचे मगध रेंज के आईजी विकास वैभव- फोटो : रणजीत कुमार

Jehanabad : मगध क्षेत्र के नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव आज जहानाबाद जिला मुख्यालय पहुंचे। इस खास मौके पर जहानाबाद के जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से आईजी का गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिकारियों द्वारा उन्हें सप्रेम गमला भेंट कर अगवानी की गई, जिसके बाद बिहार पुलिस के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर पेश कर आईजी को विधिवत सलामी दी गई।


शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ की मैराथन समीक्षा बैठक

जहानाबाद आगमन के तुरंत बाद पुलिस महानिरीक्षक की अध्यक्षता में जिला के तमाम पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, सदर एवं घोषी के एसडीपीओ, साइबर क्राइम व यातायात विभाग के डीएसपी समेत सभी अंचल पुलिस निरीक्षक और जिले के तमाम थानाध्यक्ष मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


आईजी ने लिया सभी थानाध्यक्षों का परिचयपरखा फीडबैक

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और अंचल निरीक्षकों से बारी-बारी से उनका परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने थानों के भौगोलिक क्षेत्र, वहां की संवेदनशीलता और लंबित मामलों की भी संक्षिप्त समीक्षा की। आईजी ने धरातल पर काम कर रहे अधिकारियों से सीधे संवाद कर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत को परखा और आ रही व्यावहारिक दिक्कतों के बारे में भी जानकारी ली।


अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता मजबूत करने पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए आईजी ने कड़े तेवर दिखाए और सभी अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता और पुलिस के बीच के रिश्ते को सुधारने तथा 'जनसहभागिता' को मजबूत करने हेतु विशेष रणनीति बनाने को कहा।


पुलिस बल को कार्यशील और जनोन्मुख बनाने का संकल्प

इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला पुलिस बल को और अधिक मुस्तैद, कार्यशील, अनुशासित एवं जनोन्मुख (जनता के प्रति जवाबदेह) बनाना रहा। आईजी ने साफ किया कि थानों में आने वाले फरियादियों को पूरा सम्मान मिलना चाहिए और उनकी शिकायतों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। आईजी के इस कड़े रुख और दिशा-निर्देशों के बाद जिला पुलिस महकमे में सक्रियता काफी बढ़ गई है।


रणजीत की रिपोर्ट