कैमूर का चर्चित राजा हत्याकांड: बेल पर बाहर आए आरोपियों पर पीड़ित परिवार को धमकी देने का आरोप, परिजनों ने डीएसपी से लगाई गुहार

राजा हत्याकांड के पीड़ित परिवार ने डीएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुसौली गाँव में बीते 17 मार्च 2026 को राजा नाम के युवक की 9 लोगों द्वारा कथित रूप से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।


जेल से बाहर आते ही पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी 

मामले में नया मोड़ तब आया जब कोर्ट से जमानत (बेल) पर बाहर आए 6 आरोपियों पर मृतक के परिजनों को लगातार डराने-धमकाने का आरोप लगा है। मृतक की माँ सीता देवी ने आरोप लगाया है कि जमानत पर छूटते ही आरोपी उनके घर पहुँचकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियाँ दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।


मोहनियां डीएसपी से लगाई न्याय की गुहार 

सुरक्षा की चिंता को लेकर पीड़ित परिवार ने मोहनियां डीएसपी (DSP) गोपाल कृष्ण से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी और न्याय व सुरक्षा की गुहार लगाई। परिजनों ने आरोपियों की जमानत रद्द कराने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है।


डीएसपी का बयान: मामले की जांच कर होगी सख्त कार्रवाई 

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनियां डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि राजा हत्याकांड में नामजद 9 अभियुक्तों में से 6 की गिरफ्तारी की गई थी। पीड़ित परिवार द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की त्वरित जाँच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देवव्रत की रिपोर्ट