मुजफ्फरपुर डायल 112 ने मारी बाजी, मात्र 8 मिनट 51 सेकंड में पहुंचती है मदद; बिहार में अव्वल

मुजफ्फरपुर की डायल 112 टीम ने बेहतर रिस्पॉन्स टाइम के साथ पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल किया है। टीम औसतन मात्र 8 मिनट 51 सेकंड में पीड़ितों तक पहुंच रही है, जिसमें सेवानिवृत्त आर्मी जवानों की तैनाती की अहम भूमिका मानी जा रही है।

Muzaffarpur dial 112 top in Bihar
मुजफ्फरपुर डायल 112 बिहार अव्वल,मात्र 8 मिनट 51 सेकंड में पीड़ितों तक रही है पहुंच - फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर की डायल 112 टीम ने बेहतर रिस्पॉन्स टाइम के साथ पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल किया है। सरकार द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जिले की डायल 112 टीम आपातकालीन सूचना मिलने के बाद मात्र 8 मिनट 51 सेकंड के औसत समय में पीड़ितों तक पहुंचकर सहायता उपलब्ध करा रही है। इस त्वरित कार्यप्रणाली के चलते मुजफ्फरपुर डायल 112 टीम अन्य जिलों की तुलना में काफी आगे निकल गई है।


सेवानिवृत्त आर्मी जवानों की तैनाती से बढ़ी मुस्तैदी

डायल 112 की इस सफलता के पीछे सरकार द्वारा सेवानिवृत्त आर्मी जवानों की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। जिस तत्परता और अनुशासन के साथ ये जवान सीमा पर देश की सुरक्षा करते रहे हैं, उसी समर्पण के साथ अब जिले में आम नागरिकों की मदद और सुरक्षा में जुटे हुए हैं। इसी मुस्तैदी के कारण कॉल मिलते ही टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच रही है।


आम लोगों ने की त्वरित सेवा की सराहना

त्वरित पुलिस सहायता मिलने से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और लोग सरकार की इस पहल की सराहना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में एक कॉल करने पर अब तुरंत मदद मिल जाती है, जिससे समय रहते राहत और सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।


एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने साझा की उपलब्धि

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पिछले छह महीनों में डायल 112 की टीम ने सूचना मिलने के औसतन नौ मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि जनता को और अधिक तेज व प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आने वाले समय में रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट