Bihar News : कैमूर में खूनी संघर्ष ! आपसी विवाद में सगे चाचा और भाइयों ने ली भतीजे की जान, चाची को पुलिस ने किया गिरफ्तार

KAIMUR : बिहार के कैमूर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोहनियां थाना क्षेत्र के कटरा कला गांव में जमीन के एक टुकड़े के लिए दो सगे भाइयों के परिवार आपस में भिड़ गए। इस हिंसक झड़प में अपने चाचा और भाइयों के हमले का शिकार हुए युवक चंदन सिंह की बनारस में इलाज के दौरान मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

घटना 2 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे की है। बताया जाता है कि राम मिश्रित सिंह और उनके भाई हरि शंकर सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह हरि शंकर सिंह अपनी पत्नी और बेटों के साथ विवादित जमीन पर जबरन मकान बनाने के लिए ईंट गिराने लगे। जब राम मिश्रित सिंह के पुत्र चंदन सिंह ने इसका विरोध किया, तो दूसरे पक्ष ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया।

बेरहमी से पिटाई और मौत

आरोप है कि चाचा हरि शंकर सिंह, उनके बेटे गुड्डू सिंह, कृष्णा पटेल, सोनू पटेल और पत्नी सुनीता देवी ने मिलकर लाठी, डंडों और ईंट-पत्थरों से चंदन पर हमला कर दिया। हमले के बाद लहूलुहान चंदन को उसी हाल में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उसे मोहनियां अनुमंडल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से गंभीर हालत देखते हुए उसे बनारस ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। 3 फरवरी को इलाज के दौरान चंदन ने दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई: एक आरोपी को जेल, चार की तलाश

घटना के बाद मृतक के पिता ने अपने सगे भाई समेत परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपियों में से एक, सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीँ हरि शंकर सिंह और उनके तीन बेटे अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

प्रशासन का बयान

मोहनियां एसडीपीओ (SDPO) प्रदीप कुमार ने बताया कि, "कटरा कला गांव में दो सगे भाइयों के बीच जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बाकी चार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।"

देवब्रत की रिपोर्ट