बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी के बाद चप्पे-चप्पे की जांच, बॉम्ब स्क्वायड, डॉग स्क्वायड ने संभाला मोर्चा

threat to bomb the Bihar Assembly
threat to bomb the Bihar Assembly- फोटो : news4nation

Bihar Assembly : बिहार विधान सभा को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विधानसभा को यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और पूरे परिसर में सघन जांच शुरू कर दी गई। धमकी की सूचना मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और सभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


अध्यक्ष ने प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि इस मामले की जानकारी राज्य के मुख्य सचिव और Bihar Police के पुलिस महानिदेशक को दी जाए, ताकि विधानसभा परिसर की सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल जांच कराई जा सके। धमकी के बाद विधानसभा परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बॉम्ब स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचकर मेटल डिटेक्टर और बम खोजने वाले विशेष उपकरणों की मदद से पूरे परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच कर रही है। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।


एहतियात के तौर पर विधानसभा परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वाले सभी लोगों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा ई-मेल किसने और कहां से भेजा। 


अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस घटना के पीछे शामिल व्यक्ति या समूह का पता लगा लिया जाएगा।