Bihar Police : कैमूर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, उड़ीसा से गांजा लेकर बिहार पहुंचे दो तस्करों को किया गिरफ्तार
Bihar Police : ओडिशा से ट्रेन के रास्ते गांजा लेकर बिहार पहुंचे दो कथित तस्करों को कैमूर पुलिस ने कुदरा इलाके में गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे
KAIMUR : ओडिशा से ट्रेन के रास्ते गांजा लेकर बिहार पहुंचे दो कथित तस्करों को कैमूर पुलिस ने कुदरा में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कुदरा रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद बस पकड़कर अपने गांव जाने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। इनके पास से 9 किलो 435 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
दरअसल, 19 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे कुदरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति ट्रेन से गांजा लेकर कुदरा स्टेशन पहुंचे हैं। दोनों लालापुर ओवरब्रिज के नीचे बस स्टैंड के पास बस पकड़कर कानडिहरा स्थित अपने गांव जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष छापेमारी दल गठित किया और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग और झोले से कुल 9 किलो 435 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोवर सिद्दीकी,उम्र करीब 40 वर्ष और जय प्रकाश गुप्ता,उम्र करीब 28 वर्ष,दोनों निवासी कानडिहरा, थाना कुदरा, जिला कैमूर के रूप में हुई है।
मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता कर कहा दोनों आरोपी ओडिशा से ट्रेन के रास्ते गांजा लेकर बिहार पहुंचे थे। इस मामले में कुदरा थाना कांड संख्या 544/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देवब्रत की रिपोर्ट