निशांत कुमार के वायरल वीडियो पर सियासी घमासान, विशेष सुरक्षा दल ने बताई मानवीय भूल
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जुड़े वीडियो को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज है। विशेष सुरक्षा दल ने जांच के बाद इसे मानवीय भूल बताया है, जबकि नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का एक वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो को लेकर यह दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षा कर्मियों ने निशांत के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें सम्राट चौधरी के पास जाने से रोका। इस घटना के सामने आते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है, जिसमें विपक्ष से लेकर सत्ता पक्ष के नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इसी बीच विवाद बढ़ने के बीच विशेष सुरक्षा दल (Special Security Group), बिहार, पटना की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट की गई है।
वैशाली दौरे के दौरान क्या हुआ था?
यह पूरा मामला उस वक्त का है जब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने वैशाली पहुंचे थे। इसी दौरान जब निशांत कुमार ने उनके करीब आने का प्रयास किया, तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया और वीडियो में निशांत कुमार दूसरी तरफ जाते हुए दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि हाल ही में बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में कच्ची दरगाह-बिदुपुर ब्रिज का नाम बदलकर ‘नीतीश सेतु’ किया है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
विशेष सुरक्षा दल की प्रेस विज्ञप्ति में क्या कहा गया?
विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल के कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना का प्रचार किया जा रहा है, जिसकी जांच में पाया गया कि यह मानवीय भूल की श्रेणी में आता है। इसमें यह भी कहा गया है कि सुरक्षा कर्मी सुरक्षा प्रोटोकॉल (Security Protocol) के अनुकूल कार्य कर रहे थे।
रोहिणी आचार्य का तंज और जेडीयू की नाराजगी
इस वीडियो के वायरल होने के बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इसे पोस्ट करते हुए तंज कसा और सवाल उठाया कि चाचा नीतीश कुमार और भाई निशांत कुमार आखिर क्यों जलील होने को मजबूर हैं। दूसरी ओर, जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी इस पूरे घटनाक्रम को पीड़ाजनक और दुखद करार दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय को इस मामले में पहल करनी चाहिए और यह देखना चाहिए कि क्या सब कुछ जानते हुए इस तरह का व्यवहार किया गया।
अशोक चौधरी ने धक्का देने के दावे को खारिज किया
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मियों द्वारा धक्का दिए जाने के दावों को जेडीयू नेता और राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने इस तरह की खबरों को टीआरपी से जोड़ते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी और सवाल किया कि क्या किसी बॉडीगार्ड की इतनी हिम्मत हो सकती है कि वह किसी मंत्री को धक्का दे। अशोक चौधरी ने इसे गैर-जरूरी और बेबुनियाद मुद्दा बताते हुए मीडिया और चर्चा के स्तर पर भी सवाल उठाए।
निशांत कुमार की पूर्व सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र
विशेष सुरक्षा दल ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक, यानी पिछले करीब दो दशकों तक, विशेष सुरक्षा दल के माध्यम से ही सुरक्षा प्रदान की जाती रही है। समादेष्टा, विशेष सुरक्षा दल, बिहार, पटना के हस्ताक्षर से जारी इस विज्ञप्ति के जरिए घटना को लेकर फैली चर्चाओं पर प्रशासनिक पक्ष रखा गया है।
पटना से पुष्कर प्रवीण की रिपोर्ट