Bihar News: कटिहार को बड़ी सौगात, 1 अरब 65 करोड़ की लागत से नए आरओबी का शिलान्यास, जाम से मुक्ति और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

Bihar News: कटिहार जिले के लोगों के लिए लंबे इंतजार के बाद विकास की एक बड़ी परियोजना की शुरुआत हो गई है। ...

1 अरब 65 करोड़ की लागत से नए आरओबी का शिलान्यास- फोटो : reporter

Bihar News: कटिहार जिले के लोगों के लिए लंबे इंतजार के बाद विकास की एक बड़ी परियोजना की शुरुआत हो गई है। शहर में बढ़ती जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से ₹1 अरब 65 करोड़ की लागत से बनने वाले नए रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) सह कनेक्टिंग सड़क का शिलान्यास किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को कटिहार के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस आरओबी निर्माण का प्रस्ताव तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान तैयार किया गया था। उस समय करीब दो अरब रुपये की राशि से साहेब पारा से ड्राइवर टोला होते हुए कुलीपाड़ा तक आरओबी निर्माण की योजना को मंजूरी मिली थी। अब इसी योजना के तहत निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है।

इस परियोजना को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक ने कहा कि नया आरओबी बनने के बाद शहर में लगने वाली जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं होगा, बल्कि कटिहार के विकास और विस्तार को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

उन्होंने बताया कि आरओबी बनने से शहर के बड़े हिस्से के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। लोगों को लंबी दूरी तय करने और रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों इंतजार करने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और शहर के विकास को गति मिलेगी।प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि यह परियोजना कटिहार के सौंदर्यीकरण में भी अहम भूमिका निभाएगी। बेहतर सड़क संपर्क और सुगम यातायात व्यवस्था से शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों ने भी इस परियोजना का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से कटिहार शहर जाम की समस्या से जूझ रहा था। खासकर रेलवे क्रॉसिंग और प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानी होती थी। आरओबी बनने के बाद इस समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।करीब डेढ़ अरब रुपये से अधिक की लागत वाली यह परियोजना कटिहार के लिए विकास का नया अध्याय साबित हो सकती है। आने वाले समय में इसके पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह