Bihar News : कटिहार के हरीगंज चौक पर धू-धू कर जली मोटरसाइकिल, युवक की जांबाजी से टला बड़ा हादसा

KATIHAR : शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक हरीगंज चौक पर आज उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। लोग अनहोनी की आशंका में अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी पूरी तरह बाधित हो गया।

पलक झपकते ही लपटों में घिरी बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल में आग इतनी अचानक और तेजी से लगी कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पेट्रोल होने के कारण आग और विकराल रूप धारण करती जा रही थी। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख लोगों में दहशत फैल गई कि कहीं बाइक की टंकी में ब्लास्ट न हो जाए।

परवेज अंसारी की बहादुरी ने जीता दिल

जब मौके पर कोहराम मचा था, तभी परवेज अंसारी उर्फ गुड्डू नामक युवक देवदूत बनकर वहां पहुंचे। उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए बिना समय गंवाए पास ही उपलब्ध अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) उठाया और आग पर धावा बोल दिया। उनकी सूझबूझ और तत्परता का ही परिणाम था कि वे जलती हुई बाइक के बेहद करीब जाकर आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुट गए।

बड़ा हादसा टला, पर पूरी तरह जल गई गाड़ी

परवेज अंसारी की जांबाजी और तकनीकी सूझबूझ के चलते कुछ ही मिनटों के भीतर आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि जब तक उस पर काबू पाया गया, मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। लेकिन उनकी इस फुर्ती की वजह से व्यस्त बाजार में आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया।

स्थानीय लोगों ने बजाईं तालियां

आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने परवेज अंसारी उर्फ गुड्डू की बहादुरी की जमकर सराहना की। लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि अगर सही समय पर गुड्डू ने हिम्मत नहीं दिखाई होती, तो पास की दुकानों या अन्य वाहनों में भी आग लग सकती थी। फिलहाल, बाइक में आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीँ आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को हटाकर पास की एक दुकान में सुरक्षित रख दिया गया।

श्याम की रिपोर्ट