Katihar road accident: कटिहार में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर में 8 घायल
Katihar road accident: कटिहार के समेली प्रखंड में NH-31 पर स्कॉर्पियो और ट्रक की जोरदार टक्कर में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग खगड़िया से सगाई समारोह से लौट रहे थे।
Katihar road accident: कटिहार जिले के समेली प्रखंड क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बुधवार (1 जुलाई 2026) की रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बखरी बालू टोला के पास हुए इस भीषण हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार 10 यात्रियों में से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल बरारी थाना क्षेत्र के शिशिया गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग खगड़िया जिले से लड़के का छेका यानी सगाई समारोह करके स्कॉर्पियो से अपने गांव शिशिया लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे बखरी बालू टोला के पास अचानक सड़क पार कर रही एक भैंस को बचाने की कोशिश में स्कॉर्पियो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। भैंस को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, समेली पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस के जरिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
घायलों के परिवार वालों को मिली जानकारी
पुलिस ने हादसे की जानकारी घायलों के परिवार वालों को फोन के जरिए दे दी है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को फिर से सामान्य कर दिया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक आने वाले जानवरों से होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है।
कटिहार से श्याम कुमार सिंह की रिपोर्ट