Bihar News: सोलर ने ऐसे बदल दी कारोबारियों की किस्मत,25 हजार का बिजली बिल अब जीरो

Bihar News: कारोबार में मुनाफा बढ़ाने के लिए जरूरी नहीं कि हर बार उत्पादन बढ़ाया जाए या नए ग्राहक तलाशे जाएं। कई बार खर्च में कटौती ही कमाई की तस्वीर बदल देती है।...

Bihar News: सोलर ने ऐसे बदल दी कारोबारियों की किस्मत,25 हजार
सोलर ने बदल दी कारोबारियों की किस्मत- फोटो : X

Bihar News: कारोबार में मुनाफा बढ़ाने के लिए जरूरी नहीं कि हर बार उत्पादन बढ़ाया जाए या नए ग्राहक तलाशे जाएं। कई बार खर्च में कटौती ही कमाई की तस्वीर बदल देती है। बांका जिले के बौंसी निवासी व्यवसायी राजेश कुमार की कहानी इसकी मिसाल है। कभी हर महीने 20 से 25 हजार रुपये बिजली बिल चुकाने वाले राजेश अब जीरो बिल का लाभ उठा रहे हैं। तेल मिल, आटा चक्की और पानी प्लांट चलाने वाले राजेश के लिए सौर ऊर्जा किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है।

मशीनों के लगातार संचालन के कारण उनके प्रतिष्ठानों में बिजली की खपत काफी अधिक होती थी। हर महीने आने वाला भारी-भरकम बिल कारोबार की कमाई का बड़ा हिस्सा निगल जाता था। इस खर्च से निजात पाने के लिए उन्होंने करीब दो साल पहले अपने प्रतिष्ठान में सोलर प्लांट लगवाने का फैसला किया। शुरुआत में यह निवेश था, लेकिन अब इसका फायदा उनकी आमदनी में साफ दिखाई दे रहा है। सोलर सिस्टम लगने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और हर महीने 20 से 25 हजार रुपये की बचत हो रही है।

अपने अनुभव साझा करते हुए राजेश कुमार बताते हैं कि तेल मिल, आटा चक्की और पानी प्लांट में बिजली की जरूरत काफी ज्यादा रहती है। पहले हर महीने 20 से 25 हजार रुपये तक बिल देना पड़ता था, लेकिन करीब दो साल पहले सोलर लगवाने के बाद अब बिजली बिल बिल्कुल जीरो आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना से उनके कारोबार को काफी फायदा मिला है।

राजेश की यह पहल दूसरे छोटे कारोबारियों के लिए भी एक नजीर बन रही है। सालाना हिसाब लगाया जाए तो उन्हें करीब 2.40 लाख से 3 लाख रुपये तक की बचत हो रही है। यह रकम अब कारोबार की जरूरतों और विस्तार में इस्तेमाल की जा सकती है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करने की सरकारी पहल के बीच राजेश जैसे उद्यमियों के अनुभव वैकल्पिक ऊर्जा की उपयोगिता को सामने ला रहे हैं। बिजली खर्च में कमी से छोटे कारोबारियों की लागत घट सकती है और उनकी आमदनी को नई रफ्तार मिल सकती है।