Chhath Puja 2026:पांच लाख श्रद्धालुओं की आस्था पर भारी पड़ी प्रशासनिक लापरवाही, न महाजाल न रोशनी, गंदगी के बीच स्नान को मजबूर श्रद्धालु

Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूरे बिहार में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। ...

श्रद्धालुओं की आस्था पर भारी पड़ी प्रशासनिक लापरवाही- फोटो : reporter

Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूरे बिहार में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कहीं घाटों की साफ-सफाई की जा रही है तो कहीं बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी शुरू हो गई है। व्रती और श्रद्धालु भी अपने-अपने स्तर पर महापर्व की तैयारी में जुटे हैं। लेकिन इस बीच कटिहार जिले के प्रसिद्ध मनिहारी गंगा घाट की बदहाल व्यवस्था ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मनिहारी गंगा घाट की खास अहमियत है। यहां महापर्व छठ से पहले गंगा स्नान और पवित्र जल लेने के लिए केवल कटिहार ही नहीं, बल्कि पूरे सीमांचल के अलावा पश्चिम बंगाल और नेपाल तक से बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि गंगा में पवित्र स्नान कर जल लेकर श्रद्धालु छठ पूजा की तैयारियां करते हैं। अनुमान के मुताबिक, छठ के अवसर पर करीब पांच लाख लोग इस घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं।इतनी बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के बावजूद इस बार घाट पर बुनियादी सुविधाओं की तैयारी संतोषजनक नहीं दिख रही है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के मुताबिक, अब तक घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर महाजाल नहीं लगाया गया है। इसके अलावा रोशनी, सुरक्षा इंतजाम और साफ-सफाई जैसे अहम मसलों पर भी पर्याप्त काम नहीं हुआ है।

घाट पर गंदगी का आलम ऐसा है कि श्रद्धालुओं को मजबूरन गंदगी के बीच गंगा स्नान करना पड़ रहा है। इससे उनकी आस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि जब लाखों लोगों के आने की संभावना है, तब प्रशासन को पहले से ही मुकम्मल इंतजाम करने चाहिए थे।स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले लोगों में भी व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का सवाल है कि जब मनिहारी गंगा घाट पर हर साल इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, तो इस बार भीड़ प्रबंधन, रोशनी, सफाई और सुरक्षा की तैयारी में इतनी लापरवाही क्यों बरती जा रही है?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन महापर्व से पहले घाट की व्यवस्था दुरुस्त कर पाएगा? श्रद्धालुओं की मांग है कि तत्काल साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, महाजाल, सुरक्षा बलों की तैनाती और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आस्था के इस महापर्व पर किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह