Bihar Crime: भोजपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन, ब्राउन शुगर,अंग्रेजी शराब के साथ महिला गिरफ्तार

Bihar Crime: भोजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

Bihar Crime
मादक पदार्थों की तस्करी- फोटो : reporter


Bihar Crime: भोजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में शाहपुर थाना क्षेत्र के कनेला रानीसागर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50.85 ग्राम हेरोइन एवं ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ, 31.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक मोबाइल फोन और 2,860 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका पति पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को शाहपुर थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कनेला रानीसागर गांव में अवैध मादक पदार्थों और अंग्रेजी शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए भोजपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। शाहपुर अंचलाधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर संदिग्ध घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति घर से निकलकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। घर के पास मौजूद एक महिला से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम बताया और फरार व्यक्ति को अपना पति बहादुर पासवान बताया। महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे दोनों मिलकर कथित रूप से अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी करते हैं।

इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में घर की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने 13.45 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ, 37.40 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ, कुल 31.5 लीटर अंग्रेजी शराब, एक मोबाइल फोन और 2,860 रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में फरार बहादुर पासवान और गिरफ्तार महिला के विरुद्ध शाहपुर थाना कांड संख्या 271/26, दिनांक 10 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी), 21(बी), 22(बी) एवं 29 तथा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम, 2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार आरोपित बहादुर पासवान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित संपत्ति और इससे जुड़े अन्य संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।

रिपोर्टर - आशीष कुमार