Bihar News : 'कॉकरोच या चूहे' लोकतंत्र का कुछ नहीं बिगाड़ सकते, वे खुद चीन-अमेरिका भाग जाएंगे, कटिहार में बोले मंत्री दिलीप जायसवाल

Bihar News : कटिहार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने सोशल मीडिया में सेंसेशन मचा रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर कहा की कुछ सिरफिरे लोग, पागल लोग देश के भीतर इस तरह का धंधा चल रहे हैं.....पढ़िए आगे

मंत्री ने कॉकरोच जनता पार्टी पर कसा तंज - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने सोशल मीडिया पर इन दिनों चर्चा का विषय बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। कटिहार पहुंचे मंत्री ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि देश के भीतर कुछ सिरफिरे और पागल किस्म के लोग इस तरह का धंधा चला रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि ऐसे तत्वों से देश की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि हमारा लोकतंत्र बेहद मजबूत और परिपक्व है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे 'कॉकरोच' या 'चूहे' देश के लोकतंत्र का कुछ नहीं बिगाड़ सकते। उन्होंने आगे दावा किया कि ऐसे विचारों वाले लोग आने वाले समय में खुद-ब-खुद देश छोड़कर चीन और अमेरिका भाग जाएंगे, क्योंकि भारत में इनके लिए कोई जगह नहीं है।

इसके साथ ही, पश्चिम बंगाल में बकरीद के मौके पर गाय की कुर्बानी पर सख्ती से पाबंदी लगाने की चर्चाओं के बीच, जब उनसे बिहार सरकार के रुख को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सनातन परंपरा का पुरजोर समर्थन किया। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गाय हमारी माता है और सनातन धर्म को मानने वालों की इसमें गहरी आस्था है। हम सभी इस आस्था के प्रति खुद को पूरी तरह समर्पित रखते हैं।

आपको बता दें कि बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल आज कटिहार में आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' में भाग लेने पहुंचे थे। इसी संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने देश और राज्य से जुड़े इन समसामयिक और संवेदनशील मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस प्रशिक्षण शिविर में मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया और संगठन की मजबूती पर बल दिया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिए गए उनके इस बयान के बाद अब राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।

श्याम की रिपोर्ट