Bihar Private School Fees:प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर लगाम, री-एडमिशन उगाही पर DM का सख्त एक्शन, संचालकों में हड़कंप

Bihar Private School Fees:बिहार में निजी स्कूलों की मनमानी और अभिभावकों से जबरन वसूली के खिलाफ बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला है।

री-एडमिशन उगाही पर DM का सख्त एक्शन- फोटो : reporter

Bihar Private School Fees:बिहार में निजी स्कूलों की मनमानी और अभिभावकों से जबरन वसूली के खिलाफ बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला है। री-एडमिशन के नाम पर हो रही उगाही, तय दुकानों से किताब-कॉपी और स्कूल ड्रेस खरीदने के दबाव ने अब तूल पकड़ लिया था, जिसके बाद जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।

अभिभावक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने कटिहार जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी परेशानी रखी। उनका आरोप था कि निजी स्कूल न सिर्फ री-एडमिशन के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं, बल्कि बच्चों के लिए किताबें, कॉपियां, बैग और यूनिफॉर्म भी अपनी तय दुकानों से ही खरीदने का दबाव बना रहे हैं जो सीधे तौर पर अभिभावकों की जेब पर बोझ डाल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत आदेश जारी कर इस तरह की उगाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साफ निर्देश दिया गया है कि कोई भी स्कूल री-एडमिशन के नाम पर अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूलेगा और न ही किसी खास दुकान से सामान खरीदने के लिए मजबूर करेगा।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी निजी विद्यालयों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। अगर कोई स्कूल इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में बिहार के कई जिलों से निजी स्कूलों की मनमानी और अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद अलग-अलग जिलों में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अब कटिहार में भी इस आदेश के बाद अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह